National Teacher Award 2024: यूपी के रविकांत द्विवेदी और श्याम प्रकाश मौर्य को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

Update: 2024-08-28 14:24 GMT

यूपी के रविकांत द्विवेदी और श्याम प्रकाश मौर्य को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

National Teacher Award 2024 : स्वदेश समाचार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ और मिर्जापुर के परिषदीय विद्यालयों के दो शिक्षकों को 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2024'के लिए चयनित किया गया है। इन्हें शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में पुरस्कृत किया जाएगा। उत्तर प्रदेश से चयनित शिक्षकों में प्रतापगढ़ के मांधाता ब्लॉक स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय मल्हूपुर के श्याम प्रकाश मौर्य (Shyam Prakash Maurya) और मिर्जापुर के प्राथमिक विद्यालय भगेसर के रविकांत द्विवेदी (Ravikant Dwivedi) शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2024' के लिए देश भर से 50 शिक्षकों के नाम की घोषणा की है। चयनित शिक्षकों को पुरस्कार के रूप में 50-50 हजार रुपए नगद, चांदी का मेडल व प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। मालूम हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र के तहत इनोवेटिव तरीकों से पठन पाठन को प्रोत्साहित करते रहे हैं। इस क्रम में उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा दिया है। विभिन्न एप्स के माध्यम से बच्चों के लिए पाठ्यक्रम उपलब्ध कराया जा रहा है।

छात्रवृत्ति दिलाने में भूमिका : 

राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित प्रतापगढ़ के मान्धाता विकासखण्ड के मल्हौरपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक श्याम प्रकाश मौर्य द्वारा परिषदीय बच्चों को पीपीटी के माध्यम से पढ़ाई कराई जाती है। प्रोजेक्टर के माध्यम से आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ये बच्चों को इस तरह से अध्ययन कराते हैं, ताकि उन्हें आसानी से समझ में आ सके। इन्होंने 2022 में ऑनलाइन एक ग्रुप बनाकर पूरे जिले के बच्चों को राष्ट्रीय आय आधारित परीक्षा के लिए प्रेरित किया था। इसमें 785 चयनित बच्चों को 3.76 करोड़ की छात्रवृत्ति मिल रही है।

गणित का बगीचा :

इसी तरह, मिर्जापुर के भगेसर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बतौर प्रधानाध्यापक अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे रविकांत द्विवेदी द्वारा बनाया गया 'गणित का बगीचा' काफी चर्चित रहा। विद्यालय में बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा देने के लिए ये अनेक प्रकार की नई तकनीक का प्रयोग कर चुके हैं। इसमें गणित का बगीचा, डिजिटल क्लास आदि प्रमुख हैं।

बता दें कि यह पुरस्कार देशभर के उन शिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और परिश्रम से विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है और अपने छात्रों के शैक्षिक एवं व्यावहारिक जीवन को नैतिकता व मूल्यों से समृद्ध बनाया है।

इन राज्यों के शिक्षकों को भी 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार' : 

'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार' पाने वालों में कुल 31 राज्य शामिल हैं, जिनमें 4 केंद्र शासित प्रदेश और 27 राज्य शामिल हैं। चयनित शिक्षकों में जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षक शामिल हैं, उनमें उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणांचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, ओडिशा, गोवा, आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक (बेंगलुरु), उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बंगाल, बिहार, अंडमान निकोबार, , नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, असम, झारखंड, केरल, तेलंगाना, दिल्ली, हरियाणा और तमिलनाडु शामिल हैं।

Tags:    

Similar News