सरसंघचालक भागवत कल करेंगे विद्याभारती के अभा कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का शुभारंभ: देशभर के 700 से अधिक पूर्णकालिक कार्यकर्ता लेंगे प्रशिक्षण…

मंत्री विश्वास सारंग ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन;

Update: 2025-03-03 15:32 GMT

भोपाल। विद्या भारती के पांच दिवसीय अखिल भारतीय पूर्णकालिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ मंगलवार, 4 मार्च को प्रात: 9 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे। इस अभ्यास वर्ग में देशभर के 700 से अधिक पूर्णकालिक कार्यकर्ता प्रशिक्षण लेंगे।

इससे पहले सोमवार को अभ्यास वर्ग स्थल शारदा विहार में विभिन्न प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मप्र के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

वहीं विद्याभारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. दूसि रामकृष्ण राव, अखिल भारतीय संगठन मंत्री गोविंदचंद महंत, अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र शर्मा एवं श्रीराम आरावकर, मध्यभारत प्रांत के संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी सहित विद्याभारती के अन्य पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।


अभ्यास वर्ग स्थल पर तीन विशेष प्रदर्शनी

विद्याभारती के अखिल भारतीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग स्थल शारदा विहार परिसर में तीन विशेष प्रदर्शनियों संस्कृति, डिजिटल उपलब्धियां और शिशु वाटिका प्रदर्शित की गई हैं। इनका भी मंत्री सारंग ने उद्घाटन किया।

संस्कार भारती के कामों को दर्शाती यह खास प्रदर्शिनियां

संस्कृति प्रदर्शनी: यह लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वी जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित है। यह प्रदर्शनी मध्यप्रदेश की गौरव वीरांगना रानी दुर्गावती की 500वी जयंती के अवसर पर उनके शौर्य को दर्शाती है, साथ ही मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक, धार्मिक व दार्शनिक धरोहरों की महत्ता को दर्शाती हुई मनमोहक प्रदर्शनी लगाई गई हैं।

डिजिटल उपलब्धियाँ प्रदर्शनी: डिजिटल प्रदर्शनी में विद्या भारती द्वारा वर्षभर बालकों के सर्वांगीण विकास हेतु की जाने वाली गतिविधियाँ व अन्य सामाजिक सरोकार एवं शैक्षिक कार्यक्रमों की जानकारी दर्शाई गई है।

शिशु वाटिका प्रदर्शनी: विद्या भारती की शिशु शिक्षा की 12 शैक्षिक व्यवस्थाओं को प्रदर्शित किया गया, जिससे 12 शैक्षिक व्यवस्थाओं के माध्यम से शिशु को खेल-खेल में शिक्षा के माध्यम से सर्वांगीण विकास की अवधारणा को प्रदर्शित किया गया है।

शिक्षा ही नहीं संस्कार भी दे रही विद्याभारती: सारंग

प्रदर्शनियों के अवलोकन के बाद मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया से चर्चा करते हुए विद्या भारती के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं कर रहे, बल्कि वे संस्कार केंद्र के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्या भारती का यह अखिल भारतीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएगा। 

Similar News