Ellyse Perry: WPL में नया रिकॉर्ड! एलिस पेरी ने रचा नया कीर्तिमान, बनीं ऐसा करने वाली पहली खिलाड़ी...

Update: 2025-02-25 09:11 GMT

Ellyse Perry In WPL 2025 

WPL 2025: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के तीसरे सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी शानदार फॉर्म में हैं। बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन कर रही पेरी ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 24 फरवरी को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार के बावजूद उन्होंने 90 रनों की जबरदस्त पारी खेली। इसी के साथ पेरी WPL इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। बता दें उन्होंने इस मामले में मैग लेनिंग को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड स्थापित किया है ।

 800 रन का आंकड़ा छूने वाली पहली खिलाड़ी बनीं एलिस पेरी

एलिस पेरी ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में नया इतिहास रच दिया है। ना सिर्फ वह इस टी20 लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं, बल्कि 800 रनों का आंकड़ा पार करने वाली पहली क्रिकेटर भी बनीं। 24 फरवरी को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ उन्होंने महज 56 गेंदों में 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 90 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के साथ उनका कुल स्कोर 835 रन तक पहुंच गया।

पेरी के बाद WPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी खिलाड़ी मैग लेनिंग हैं, जिन्होंने अब तक 782 रन बनाए हैं। टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में दो भारतीय भी शामिल हैं। इसमें शेफाली वर्मा (654 रन) चौथे और हरमनप्रीत कौर (645 रन) पांचवें स्थान पर काबिज हैं।

WPL में एलिस पेरी का कारनामा 

एलिस पेरी ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अब तक वह लीग में 7 बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेल चुकी हैं, जिससे उन्होंने मैग लेनिंग के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही पेरी और लेनिंग अब WPL इतिहास में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाली संयुक्त रूप से टॉप बल्लेबाज बन गई हैं। हाल के मुकाबलों में पेरी का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। पिछली 10 पारियों में उन्होंने 84.5 की शानदार औसत से कुल 507 रन बनाए हैं। उन्होंने 5 बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं।

Tags:    

Similar News