CNB Action: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो का बड़ा एक्शन, राजस्थान - MP से 905 किलो गांजा और 117 kg डोडा चूरा के साथ 12 तस्कर गिरफ्तार
नीमच, मध्य प्रदेश। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने 905 किलो गांजा और 117 किलो डोडा चूरा जब्त किया। जांच अधिकारियों ने कुल 12 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। ये तस्कर एक वाहन में छिपाकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह सीबीएन की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। कोटा में 905 किलो गांजा, मंदसौर में 117 किलो डोडा चूरा पकड़ा गया है। 12 तस्करों की गिरफ्तारी नशे के विरुद्ध अभियान में बड़ी सफलता है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में बड़ी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि, कोटा में एक टाटा ट्रेलर से 905.780 किलो गांजा बरामद किया। यह गांजा ओडिशा से जोधपुर ले जाया जा रहा था। सीबीएन को इसकी खुफिया सूचना मिली थी। टीम ने 19 मार्च को कोटा बायपास रोड पर वाहन को रोकने का प्रयास किया। चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और भागने लगा। अफसरों ने फायरिंग कर ट्रेलर को रुकवाया। चालक और सहचालक पकड़े गए। ट्रेलर में विशेष गुफा में 173 पैकेट गांजा छिपाकर रखे गए थे।
दूसरी कार्रवाई में 20 मार्च को मंदसौर में की गई। एक आयशर ट्रक से 117.260 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया। इसे भी विशेष गुफाओं में 117 पॉलीथिन की थैलियों में छिपाकर रखा गया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। सीबीएन ने अन्य कार्रवाई में 26 किलो अफीम जब्त की है। साथ ही 2 ट्रक और 6 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा चलाया जा रहा है।