लखनऊ: असम विधानसभा की महिला एवं बाल कल्याण समिति के अध्ययन दल ने किया उत्तर प्रदेश विधानसभा का दौरा

अध्यक्ष ने कहा- विधायिका की प्रक्रियाओं और भूमिका को समझना लोकतांत्रिक समाज के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण

Update: 2024-09-07 05:55 GMT

लखनऊ। असम विधानसभा की महिला एवं बाल कल्याण समिति के सदस्यों के एक अध्ययन दल ने यूपी विधानसभा का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने यूपी विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान, अध्ययन दल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यप्रणाली, इसके ऐतिहासिक महत्व और यहां किए गए हालिया सुधारों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अध्ययन दल का स्वागत करते हुए कहा कि देश के हर राज्य के नागरिकों को अपनी विधानसभा के बारे में जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विधायिका की प्रक्रियाओं और उसकी भूमिका को समझना किसी भी लोकतांत्रिक समाज के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।

जब लोग अपनी विधानसभा के कामकाज को समझेंगे, तभी वे विधायिका के महत्व को सही ढंग से पहचान सकेंगे और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हो सकेंगे।

श्री महाना ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में हाल ही में किए गए सुधारों के कारण अब यहां के लोग अपनी विधानसभा के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए उत्सुक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन बदलावों ने आम जनता की धारणा में सकारात्मक बदलाव लाया है।

जहां पहले विधायिका के प्रति लोगों की रूचि कम थी, वहीं अब समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लोग विधानसभा में आकर इसकी प्रक्रियाओं को समझने और देखने के लिए आगे आ रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने जोर दिया कि जनमानस में विधायिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। यह जागरूकता लोगों को यह समझने में मदद करेगी कि विधायिका का क्या महत्व है और इसका उनके जीवन में क्या प्रभाव पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि लोग अपनी विधानसभा और विधायिका के कामकाज को जानेंगे, तो लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति उनकी भागीदारी और अधिक प्रभावी हो सकेगी।

असम विधानसभा की महिला एवं बाल कल्याण समिति के इस अध्ययन दल का नेतृत्व समिति की सभापति सुमन हरिप्रिया ने किया। उनके साथ समिति की सदस्य नंदिता दास, प्रदीप सरकार, अशरफुल हुसैन, और निजाम उद्दीन चौधरी भी शामिल थे। इसके अलावा, अध्ययन दल में कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे, जो इस दौरे के दौरान यूपी विधानसभा के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर रहे थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों को दी गणेश चतुर्थी की बधाई

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, और शांति की कामना की। श्री महाना ने कहा कि गणेश जी विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं, और उनके आशीर्वाद से सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो। उन्होंने प्रदेश में भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया। 

Similar News