Ayodhya Ram Navami: सपा MP अवधेश प्रसाद ने राम लला का सपरिवार किया दर्शन, कहा - अभी अधूरा है निर्माण

Update: 2025-04-06 06:12 GMT
Ayodhya Ram Navami

Ayodhya Ram Navami

  • whatsapp icon

Ayodhya Ram Navami : उत्तरप्रदेश। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सपरिवार राम लला का दर्शन किया। अवधेश प्रसाद अपनी बहू - बेटे और पोते, बेटी के साथ राम लला का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। राम जन्मोत्सव के मौके पर सांसद अवधेश प्रसाद ने खुद को सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने यह भी कहा कि, जल्द ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी राम लला का दर्शन करने आएंगे। राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि, अभी निर्माण अधूरा है। मंदिर निर्माण पूर्ण होने में डेढ़ से 2 साल लगेंगे।

राम मंदिर से लेकर वैष्णव परम्परा के सभी मंदिरों में प्राकट्‌योत्सव का उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया है। राम नवमी के पर्व पर मध्याह्न ठीक 12 बजे घंटा-घड़ियाल व नगाड़े की थापों के मध्य रामलला का प्राकट्य होगा।

इस अलौकिक क्षण में भगवान के प्राकट्य की आरती होगी। राम मंदिर में महाआरती के साथ-साथ ठीक 12 बजे से लेकर 12 बजकर 4 मिनट तक सूर्य किरणों से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। राम मंदिर में सूर्य तिलक की तैयारियों के लिए इसरो व सीबीआरआई के वैज्ञानिकों की टीम ने यहां डेरा डाल रखा है। मुख्य पर्व पर इस सूर्याभिषेक का सजीव प्रसारण दूरदर्शन व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जाएगा, पूरी दुनिया में इसे देखा जा सकेगा।

बता दे कि सुबह 6:00 बजे से राम मंदिर का द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया, दिन बढ़ने के साथ लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। आज देर शाम तक राम जन्मोत्सव के रस में अयोध्या डूबी रहेगी। रामनवमी को लेकर रविवार को सुबह 9:30 बजे से राम मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएगा। फिर 10:30 तक अभिषेक चलेगा। अभिषेक के बाद भगवान का श्रृंगार किया जाएगा और उन्हें नए वस्त्र पहनाए जाएंगे। इसके बाद 11:30 बजे भगवान की महा आरती की जाएगी। इस दौरान 4 मिनट तक भगवान सूर्य रामलला का सूर्य तिलक करेंगे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पावन सलिला सरयू में स्नान कर रहे हैं।

डेढ़ लाख से ज्यादा दीपक जलाए जाएंगे

यही नहीं देर शाम अयोध्या में सरयू के घाटों पर दीपोत्सव भी मनाया जाएगा। राम जन्मोत्सव के उपलक्ष में डेढ़ लाख से ज्यादा दीपक जलाए जाएंगे। राम मंदिर के पंडित आचार्य विक्रम ने बताया कि श्रृंगार आरती के बाद भव्य और दिव्य याज्ञिक कर्म चल रहे हैं, जिसमें एक लाख आहूतियां पड़ रही हैं। वाल्मिकी रामायण और रामचरितमानस का पाठ संपन्न होगा। इसके बाद ही अभिषेक शुरू किया जाएगा।

सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए

उन्होंने आगे बताया फिर सरयू जल से स्नान करने के बाद भगवान नए वस्त्र धारण करेंगे। भगवान को दुध, दही और घी, 3 लाख लड्डू, पूरी, कचोड़ी के साथ 56 प्रकार के पकवान का भोग लगाया जाएगा। रामनवमी को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारी वाहनों के रूट को डायवर्ट कर दिया गया है। इसके अलावा अयोध्या को जोन और सेक्टर में बांट दिया गया है। इस बात की जानकारी अयोध्या रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने दी।

उन्होंने ये भी बताया कि सरयू नदी क्षेत्र में जल पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को पूरी तरह से अलर्ट किया हुआ है। रामोत्सव को लेकर अयोध्या में धूम है, अयोध्या के मठ मंदिरों के साथ स्थानीय लोग भी धूमधाम से रामलाल का जन्मोत्सव मना रहे हैं। रामोत्सव को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Tags:    

Similar News