कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार, 11 नवंबर को उस समय हड़कंप मच गया जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में विमान हाईजैक करने की धमकी मिली । विमान टेकऑफ की तैयारी कर रहा था, तभी उसके टॉयलेट के शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा मिला। इसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और विमान की उड़ान रोक दी गई ।
टॉयलेट के शीशे पर मिला धमकी भरा संदेश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान के एक शौचालय के शीशे पर अपहरण से जुड़ा धमकी भरा संदेश लिखा हुआ था, संदेश सामने आने के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया ।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को मुख्य पार्किंग क्षेत्र से हटाकर आइसोलेशन बे में ले जाया गया, यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा कर्मियों ने विमान की जांच शुरू की ।
CCTV फुटेज खंगाल रहीं सुरक्षा एजेंसियां
सुरक्षा एजेंसियां विमान के अंदर और एयरपोर्ट परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, विमान के सभी हिस्सों की तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके। पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की जांच में जुटी हैं।