डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। कोतवाली क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव में एक युवक को रसगुल्ला बताकर सुअर मार बम थमा दिया गया। युवक ने उसे मुंह में रखकर चबाया तो बम फट गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आंगन में आग तापते बैठा था राजेंद्र
पुलिस के मुताबिक 35 साल का राजेंद्र बरौतिया मंगलवार शाम करीब सात बजे परिवार के साथ खाना खाकर घर के आंगन में आग जलाकर बैठा था। रात करीब आठ बजे गांव का ही रामभगत बरौतिया वहां आया और राजेंद्र के बगल में बैठ गया। दोनों आपस में बातचीत करने लगे।
बातचीत के बीच थमा दिया बम
इसी बातचीत के दौरान रामभगत ने सुअर मार बम को रसगुल्ला बताकर राजेंद्र को खाने के लिए दे दिया। राजेंद्र ने उसे रसगुल्ला समझकर मुंह में डाल लिया। चबाते ही बम मुंह में फट गया और उसके मुंह में गंभीर चोट आई।
ऑटो से अस्पताल ले गए परिजन, नहीं बची जान
घायल राजेंद्र को परिजन ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के वक्त जिला अस्पताल की मर्चुरी के बाहर परिजनों के साथ गांव के लोग भी जुटे रहे। परिवार के बीच घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं चलती रहीं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
आरोपित पर केस दर्ज, गांव में डर का माहौल
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपित के पास यह बम किस माध्यम से पहुंचा।