दिग्गज टेक कंपनी एपल (Apple) को भारत में पेटेंट विवाद का सामना करना पड़ रहा है । अमेरिका स्थित स्टार्टअप GG Technologies ने बॉम्बे हाई कोर्ट में कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर कर करीब 1,500 करोड़ रुपये (161.86 मिलियन डॉलर) के हर्जाने की मांग की है, स्टार्टअप का आरोप है कि आईफोन का NameDrop फीचर उसकी पेटेंट तकनीक का इस्तेमाल करता है। कंपनी ने इस फीचर के इस्तेमाल पर रोक लगाने की भी मांग की है ।
GG Technologies की स्थापना 2018 में IIT दिल्ली के पूर्व छात्र और गोल्डमैन सैक्स के पूर्व इन्वेस्टमेंट बैंकर गौरव गोयल ने की थी । कंपनी ने 2019 में StayTouch नाम का एप लॉन्च किया था। इसके जरिए दो स्मार्टफोन को पास लाकर कॉन्टैक्ट डिटेल शेयर की जा सकती हैं, कंपनी का मुख्यालय अमेरिका के सांता मोनिका में है।
क्या है Apple का NameDrop फीचर?
एपल ने जून 2023 में iOS 17 के साथ NameDrop फीचर पेश किया था, इसके जरिए दो आईफोन या आईफोन और संगत Apple Watch को पास लाकर कॉन्टैक्ट डिटेल शेयर की जा सकती हैं । यूजर अपनी पसंद के मुताबिक नाम, फोन नंबर और ईमेल जैसी जानकारी साझा कर सकते हैं। अक्टूबर 2023 में यह सुविधा Apple Watch के लिए भी शुरू की गई थी।
पेटेंट को लेकर क्या है विवाद?
GG Technologies के मुताबिक, उसने इस तकनीक के लिए 2019 में अमेरिका में पेटेंट आवेदन किया था । भारत में 2021 में आवेदन किया गया, जिसे जुलाई 2024 में मंजूरी मिली, कंपनी का दावा है कि Apple का NameDrop फीचर उसकी पेटेंट तकनीक के दायरे में आता है।
स्टार्टअप ने बॉम्बे हाई कोर्ट में 781 पन्नों की याचिका दाखिल की है । इसमें उन आईफोन और Apple Watch की भारत में बिक्री और आयात पर रोक लगाने की मांग की गई है, जिनमें NameDrop फीचर पहले से मौजूद है। फिलहाल इस मामले की पहली सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है।
अमेरिका में भी चल रही है जांच
यह विवाद सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, GG Technologies ने अप्रैल 2026 में अमेरिका में भी Apple के खिलाफ पेटेंट उल्लंघन का मामला दर्ज कराया था । इसके बाद 28 अगस्त 2026 को अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोग (USITC) ने जांच शुरू की। वहां भी स्टार्टअप ने पेटेंट का उल्लंघन करने वाले एपल डिवाइस के आयात और बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है ।