कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद के चलते सामूहिक हत्याकांड का मामला सामने आया है, एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी, सास और ससुराल के पांच अन्य सदस्यों समेत सात लोगों की हत्या का आरोप है मृतकों में सात साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी पति शेखर को गिरफ्तार कर लिया है ।
पुलिस के मुताबिक शेखर की शादी करीब 20 साल पहले सुनीता से हुई थी, दोनों के बीच सुनीता के मायके जाने को लेकर अक्सर विवाद होता था । आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शेखर ने पत्नी और उसके परिवार को निशाना बनाने की साजिश रची ।
पत्नी की हत्या के बाद रची पूरे परिवार को मारने की साजिश
जांच के अनुसार शेखर ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की घर में सिलबट्टे से हत्या की, इसके बाद शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास फेंक दिया । उसने सुनीता का मोबाइल बंद कर दिया और पड़ोसियों को बताया कि वह घूमने गई है ।
आरोप है कि अगले दिन शेखर ने अपने दो सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने घर बुलाया । वहां उसने दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, अपनी सास रूपवती और शिवकुमार के सात वर्षीय बेटे पुनीत को भी मार डाला ।
गुमशुदगी की शिकायत से सामने आया सामूहिक हत्याकांड
यह मामला गुरुवार को तब सामने आया, जब नलिनी की मां ने उसके लापता होने की शिकायत श्रीरामपुरा थाने में दर्ज कराई । पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरे परिवार की हत्या का खुलासा हुआ। इसके बाद आरोपी शेखर को गिरफ्तार कर लिया गया ।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने घर में खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया था । शवों को अलग-अलग जगहों पर ले जाने के लिए कार का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सिलबट्टा और कार जब्त कर ली है।
एक बच्चे का शव बरामद, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने नंदी हिल्स के पास से सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद किया है। बाकी शवों की तलाश की जा रही है । जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। आरोपी की बेटी की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है ।