अरुणेश झा, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को जालंधर की जनसभा से पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि फरवरी में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में लोग चुटकुलों वाली नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी की विकास वाली सरकार चुनेंगे। सैनी का दावा है कि भाजपा सरकार बनने पर नशे के सौदागरों के पास दो ही रास्ते होंगे, या तो धंधा छोड़ दें या पंजाब छोड़ दें।
नशे के मुद्दे पर मान सरकार को घेरा
सैनी ने कहा कि चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने छह महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था। उनके मुताबिक हालात उल्टे बिगड़ते गए और युवा पीढ़ी नशे की दलदल में धंसती चली गई। सैनी ने आरोप लगाया कि सरकार के पास न नीति है और न नीयत। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 2029 तक देश से नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नीति बनाई जा रही है। सैनी ने कहा कि इतने बड़े संकल्प भाजपा सरकार ही पूरे कर सकती है। उनका आरोप था कि आप और कांग्रेस सिर्फ झूठे वादों के सहारे वोट लेना जानती हैं।
नौकरियों पर आप का वादा और हरियाणा का दावा
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि आप ने पिछले चुनाव में पंजाब के 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। आज मुख्यमंत्री भगवंत मान टीवी पर गर्व से बताते हैं कि उन्होंने 60 हजार नौकरियां दीं। सैनी ने आरोप लगाया कि ये नौकरियां भी प्रभावशाली लोगों के बच्चों को भ्रष्टाचार के सहारे मिलीं और मेहनती व गरीब युवाओं के सपने कुचल दिए गए।
हरियाणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां बिना पर्ची और बिना खर्ची दो लाख से ज्यादा योग्य युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। पंजाब में सरकार बनने पर यही नीति लागू होगी। सैनी के अनुसार पंजाब में ज्यादातर भर्तियां कोर्ट केस में फंसी हुई हैं।
मोहल्ला क्लीनिक पर सवाल, आयुष्मान का हिसाब
सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री से पूछा कि उन्होंने कितने मोहल्ला क्लीनिक खोले, उनमें कितने लोगों का मुफ्त इलाज हुआ और लोगों को क्या सुविधाएं मिल रही हैं। अपने राज्य का आंकड़ा रखते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा की 3 करोड़ आबादी में से डेढ़ करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं। इन्हें हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। अब तक 40 लाख लोग इलाज करा चुके हैं और इस पर केंद्र व राज्य सरकार ने 6000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
महिलाओं की सहायता और हरियाणा की योजनाएं
सैनी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने का संकल्प लिया था। सरकार बनते ही इसे दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना बनाकर पूरा किया गया। पहले बजट में इसके लिए 5000 करोड़ रुपये और दूसरे बजट में 6500 करोड़ रुपये रखे गए। अब तक 10 लाख से ज्यादा महिलाओं को 2500 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
उन्होंने पंजाब की आप सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि महिलाओं को 1000 रुपये देने का वादा पांच साल पहले किया गया था। अब चुनाव सिर पर आए तो वोट लेने की नीयत से इसे लागू किया जा रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हरियाणा में गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। पिछले 12 साल में 1.60 लाख परिवारों को मकान मिले हैं। जिनके पास जमीन नहीं थी, उन्हें गांवों में 100 गज और शहरों में 30 गज का प्लॉट भी दिया गया।
चुटकुलों से सिनेमाघर चलते हैं, सरकार नहीं
सैनी ने कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार चुटकुलों की सरकार बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि जनता अब समझ रही है कि चुटकुलों से सिनेमाघर चल सकते हैं, सरकार नहीं। उन्होंने पंजाब की जनता से वोट की चोट से गुमराह करने वालों को सबक सिखाने और नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार बनाने की अपील की।
कानून व्यवस्था पर भी सैनी ने मान सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो पंजाब में अमन चैन कायम होगा और हरियाणा की नीतियां लागू की जाएंगी, जहां किसानों की सभी 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती हैं। उनके मुताबिक कभी नंबर एक रहा पंजाब सरकार की गलतियों से विकास में बहुत पीछे चला गया है।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
जनसभा में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, अरुण वालिया, देवेंद्र वालिया, सुशील रिंकू, जिला अध्यक्ष अशोक सरीन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिनेश ढल्ल, एमडी प्रिंस चोपड़ा, पार्षद रवि कुमारी, गुरप्रीत विक्की और बबलू पंडित समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।