गुना। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर हिंदुत्व को निशाना बनाया है। उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही उनकी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' के दौरान गुना जिले के आरोन में फिर से विवादित बयान देते हुए हिंदुत्व को नफरत, हिंसा और झूठ का रास्ता बताया । सवाल यह है कि सनातन यात्रा निकालते हुए दिग्विजय सिंह बार-बार हिंदुत्व को कटघरे में क्यों खड़ा कर रहे हैं?
हिंदुत्व को नफरत से जोड़ने की कोशिश?
सभा में दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे हिंदुत्व के रास्ते पर चलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि धर्म हिंदुत्व नहीं, बल्कि सनातन है। यह पहली बार नहीं है जब दिग्विजय ने हिंदुत्व और सनातन को अलग-अलग बताकर बयान दिया है।
इससे पहले भी वे कह चुके हैं कि वे सनातन धर्म का समर्थन करते हैं, हिंदुत्व का नहीं । ऐसे में उनका बार-बार हिंदुत्व को नफरत और हिंसा से जोड़ना महज वैचारिक मतभेद है या इसके पीछे कोई सोची-समझी राजनीतिक रणनीति है, यह सवाल उठना स्वाभाविक है ।
भाजपा ने पूछा- अब राम नाम जपना चाहिए
दिग्विजय के बयान पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग ओसामा बिन लादेन को 'ओसामा जी' कहते हैं उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है, उन्होंने दिग्विजय को राम नाम जपने की सलाह भी दी । पहले हिन्दू आतंकवाद का नरैटिव गढ़ने की कोशिश अब हिन्दुत्व और सनातन को ही आपस में बांटने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
उज्जैन से शुरू हुई दिग्विजय की यात्रा अयोध्या तक प्रस्तावित है, दिलचस्प यह है कि यात्रा के नाम में सनातन है लेकिन उनके बयानों के केंद्र में लगातार हिंदुत्व है, ऐसे में सवाल केवल शब्दों का नहीं, बल्कि उस राजनीतिक संदेश का भी है जो इन बयानों के जरिए दिया जा रहा है ।