भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है । राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में वैक्सीन की 1 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अभियान ने अपने वार्षिक लक्षित समूह का करीब 87% कवरेज हासिल किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को राजस्थान के अजमेर से इस देशव्यापी अभियान की शुरुआत की थी, इसके तहत 14 साल की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर माता-पिता की सहमति से मुफ्त और स्वैच्छिक सिंगल डोज वैक्सीन दी जा रही है ।
मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों ने हासिल किया 100% कवरेज
मंत्रालय के अनुसार, गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपने पहचाने गए लक्षित समूह का 100% कवरेज पूरा कर लिया है। अन्य राज्यों में असम 95.63%, तेलंगाना 95.28%, कर्नाटक 93.16% और उत्तराखंड 90.17% कवरेज के साथ आगे हैं । छत्तीसगढ़ में 86.21% और राजस्थान में 85.23% कवरेज दर्ज किया गया है।

कुल टीकाकरण की संख्या में उत्तर प्रदेश 29.33 लाख से ज्यादा लड़कियों के साथ पहले स्थान पर है। बिहार में 13.70 लाख और गुजरात में 7.75 लाख से अधिक लड़कियों को वैक्सीन दी गई है ।
U-WIN से बुकिंग और डिजिटल रिकॉर्ड
अभियान में U-WIN प्लेटफॉर्म के जरिए टीकाकरण की निगरानी, लाभार्थियों का रिकॉर्ड और स्लॉट बुकिंग की सुविधा दी गई है। टीकाकरण प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में होता है, केंद्रों पर टीकाकरण के बाद किसी दुर्लभ प्रतिकूल प्रतिक्रिया की स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था भी की गई है। HPV के कुछ प्रकार सर्वाइकल कैंसर का कारण बनते हैं। टीकाकरण इन संक्रमणों और उनसे जुड़े कैंसर के खतरे को कम करने का प्रभावी तरीका है ।