उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिसकर्मियों से प्रोटोकॉल को लेकर बड़ी चूक हो गई, शनिवार 21 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट के एक जज के स्वागत के लिए तैयार पुलिस टुकड़ी ने गलती से AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया । घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सुरक्षाकर्मियों को देखकर हुआ भ्रम
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सहारनपुर के सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के पहुंचने का कार्यक्रम था। उनके स्वागत के लिए पुलिसकर्मियों की टुकड़ी गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए तैनात थी ।इसी बीच ओवैसी अपने काफिले और सुरक्षाकर्मियों के साथ सर्किट हाउस पहुंच गए ।
बताया गया कि उनके साथ आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद भी मौजूद थे। ओवैसी के काफिले और सुरक्षाकर्मियों को देखकर पुलिसकर्मी भ्रमित हो गए और उन्होंने जज के लिए तैयार गार्ड ऑफ ऑनर ओवैसी को दे दिया।वीडियो में ओवैसी पुलिस की सलामी लेते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वह सर्किट हाउस के अंदर चले गए।
प्रोटोकॉल को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के पालन पर सवाल उठने लगे हैं । रिपोर्टों के अनुसार अधिकारियों की ओर से इस मामले में तत्काल कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था ।फिलहाल यह घटना सहारनपुर में चर्चा का विषय बनी हुई है।