भारतीय सेना की ‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी’ अभियान टीम ने कच्छ की खाड़ी के ऊपर करीब 48 किलोमीटर की समुद्री दूरी हवाई मार्ग से तय कर एक नया कीर्तिमान बनाया है टीम ने जामनगर से मुंद्रा तक चार विमानों के समूह में उड़ान भरी। इस अभियान में दो माइक्रोलाइट विमान और दो पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल थे ।
इस चुनौतीपूर्ण उड़ान के दौरान सेना के जवानों ने अपने साहस, तकनीकी दक्षता और आपसी तालमेल का प्रदर्शन किया, अभियान का नेतृत्व भारतीय सेना की ‘टीम माउंटेन ईगल्स’ ने किया। इसका उद्देश्य देश में माइक्रोलाइट विमान उड़ान और पावर्ड हैंग ग्लाइडिंग जैसी साहसिक हवाई गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
महू से शुरू हुआ ‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी’ अभियान
‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन-2026’ की शुरुआत 14 नवंबर को मध्य प्रदेश के महू स्थित आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर से हुई थी, अभियान के तहत चार विमानों की टीम मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों से गुजरते हुए 3,200 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा कर रही है । कच्छ की खाड़ी के ऊपर 48 किलोमीटर की उड़ान इस अभियान का खास पड़ाव रही।
माइक्रोलाइट विमान आकार में छोटे और हल्के होते हैं, इनसे समुद्र के ऊपर उड़ान भरने के लिए विशेष तैयारी, तकनीकी कौशल और बेहतर तालमेल की जरूरत होती है । सेना की टीम इस अभियान के जरिए युवाओं को हवाई साहसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित भी कर रही है।
वंदे मातरम् के 150 साल पर सेना का 4,424 KM का अभियान
भारतीय सेना ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक अलग राष्ट्रीय हवाई अभियान भी शुरू किया है, 16 नवंबर को गया से शुरू हुई इस यात्रा में सेना की एडवेंचर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट टीम 4,424 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए देश के 35 स्थानों से गुजरेगी ।यह अभियान 9 दिसंबर 2026 को बेंगलुरु में पूरा होगा। इसके जरिए राष्ट्रगीत के गौरवशाली इतिहास और उसके संदेश को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।