केरल के सबरीमाला स्थित भगवान अय्यप्पा मंदिर में मंडलम तीर्थयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए नई व्यवस्थाएं की जा रही हैं । मंदिर परिसर और पंबा जाने वाले रास्ते पर अधिक दिशात्मक और बहुभाषी साइनबोर्ड लगाए जाएंगे, दुकानों को चार भाषाओं में मूल्य सूची प्रदर्शित करनी होगी। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी ।त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड और संबंधित अधिकारियों की गुरुवार को हुई बैठक में ये फैसले लिए गए अधिकारियों ने पाया कि कुछ स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्धारित व्यवस्था के विपरीत हो रही है, जिससे भीड़ बढ़ रही है।
अप्पम और अरवण काउंटर पर एकतरफा आवाजाही के निर्देश
बैठक में सामने आया कि अप्पम और अरवण प्रसाद के काउंटरों के पास श्रद्धालु दोनों दिशाओं में आ-जा रहे हैं जबकि यह रास्ता एकतरफा आवाजाही के लिए निर्धारित है। इस समस्या को दूर करने के लिए वहां दिशा बताने वाले साइनबोर्ड लगाए जाएंगे ।प्रसाद लेने और रसीद प्राप्त करने वाले काउंटरों की अलग-अलग पहचान के लिए नोटिस भी लगाए जाएंगे। वलिया नाडा पंडाल की डिजिटल स्क्रीन पर अलग-अलग भाषाओं में जागरूकता संदेश दिखाए जाएंगे, जनसंपर्क कार्यालय के पास घोषणा केंद्र की पहचान के लिए भी साइनबोर्ड लगाया जाएगा।
चार भाषाओं में दिखानी होगी दुकानों की मूल्य सूची
अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे चार भाषाओं में अपनी मूल्य सूची ऐसी जगह लगाएं, जहां श्रद्धालु उसे आसानी से देख सकें । निरीक्षण में पाया गया था कि कई दुकानदारों ने मूल्य सूची के बोर्ड अपनी दुकानों के अंदर लगा रखे थे ।त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि टेंडर के तहत संचालित दुकानें अपने तय स्थान से बाहर सामान फैलाकर श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा नहीं डाल सकेंगी। बोर्ड का मोनोपोली लीज अधिकारी इस व्यवस्था की निगरानी करेगा।
सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारी बढ़ेंगे
मंदिर परिसर में अरवण काउंटरों के आसपास और अन्नदान मंडपम जाने वाले रास्ते पर जमा प्लास्टिक कचरा हटाने के निर्देश दिए गए हैं सन्निधानम स्थित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (मल-कीचड़ उपचार संयंत्र) में 20 अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। जरूरत पड़ने पर विशुद्धि सेना के सफाई दस्ते के 10 और सदस्यों को भी तैनात किया जा सकेगा, अधिकारियों ने बताया कि उपचार संयंत्र को अगले तीन दिनों में पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य है।
17 नवंबर से शुरू हुई 41 दिन की मंडलम यात्रा
सबरीमाला मंदिर में 41 दिन की मंडलम तीर्थयात्रा 17 नवंबर से शुरू हो चुकी है । इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान अय्यप्पा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, भीड़ को व्यवस्थित रखने, स्वच्छता बनाए रखने और श्रद्धालुओं को जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए ये बदलाव किए जा रहे हैं।