बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा एक बार फिर तेज हो गई है, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के दो नेताओं की हत्या के बाद नरैल जिले में आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों को निशाना बनाया गया। यहां 20 से 30 घरों में आग लगा दी गई । कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट भी हुई, हालात को देखते हुए सरकार ने कई जिलों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है।
पूर्व सांसद और मेयर के घर भी निशाने पर
यह घटना नरैल जिले के कालिया उपजिले के बेंडरचार गांव में 20 नवंबर को हुई। हमले में पूर्व आवामी लीग सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति, पूर्व नगरपालिका महापौर मुशफिकुर रहमान लिटन और स्थानीय पार्टी महासचिव कृष्णपद घोष से जुड़ी संपत्तियों को निशाना बनाया गया ।
दमकल कर्मियों ने मौके पर 20 से 30 घरों में आग लगने की पुष्टि की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बीएनपी समर्थकों ने करीब 50 घरों और दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की हालांकि स्थानीय बीएनपी नेतृत्व ने इन आरोपों को खारिज किया है। प्रशासन ने भी अभी हमले के जिम्मेदार लोगों की पहचान नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
दो बीएनपी नेताओं की हत्या के बाद भड़की हिंसा
18 नवंबर को कालिया में बीएनपी के मोटरसाइकिल जुलूस पर हमला हुआ था जिसमें पार्टी से जुड़े दो नेताओं की मौत हो गई थी । पुलिस के अनुसार इसके बाद मृतकों के रिश्तेदार और समर्थक आवामी लीग नेताओं के घरों पर हमले के लिए पहुंचे थे । इस बीच पटुआखाली में आवामी लीग के तीन पूर्व विधायकों के घरों पर भी हमले हुए । पाबना जिले में बीएनपी और आवामी लीग समर्थकों के बीच झड़प हुई जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और रबर की गोलियां चलाईं।
95 प्लाटून सुरक्षा बल तैनात
बढ़ती हिंसा के बीच बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने ढाका, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार समेत कई जिलों में 95 प्लाटून तैनात किए हैं प्रमुख प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी भी बढ़ाई गई है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी और आवामी लीग के विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी देश में तनाव बना हुआ है।