मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों के तहत रेलवे ने शनिवार सुबह माधव नगर रेलवे स्टेशन के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, प्लेटफॉर्म नंबर 8 के नजदीक रेलवे की जमीन पर बने 6 से अधिक मजार, मस्जिद, शाही मकबरे और अन्य निर्माण जेसीबी से हटाए। कार्रवाई के बाद करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन खाली कराई गई है ।
सुबह 5 से 11 बजे तक चली कार्रवाई
रेलवे ने शनिवार सुबह करीब 5 बजे कार्रवाई शुरू की, जो 11 बजे तक चली। इसके लिए लगभग 6 जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं, मौके पर 100 से अधिक रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तैनात रहे। रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। इनमें एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे शामिल थे ।रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया
रेलवे के मुताबिक, खाली कराई गई करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा, यहां भीड़ को व्यवस्थित रखने और यात्रियों के ठहराव की व्यवस्था बनाने की योजना है ।सिंहस्थ के दौरान उज्जैन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में रेलवे स्टेशन के आसपास उपलब्ध जमीन का इस्तेमाल भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा के लिए किया जाएगा।