बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर में स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आसाराम बापू की किताब बांटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मिडिल स्कूल के बच्चों को संस्कार सरिता नाम की किताब दी गई। इसके बाद अभिभावकों में नाराजगी फैल गई। शिकायत मिलने पर जिला शिक्षा विभाग ने जांच कराई और अब स्कूल के प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार प्रजापति को उनके पद से हटा दिया गया है।
जांच रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र निपूरे ने मामले में वाड्रफनगर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मंगवाई थी। यह रिपोर्ट 27 अक्टूबर 2026 को सौंपी गई। रिपोर्ट और जांच समिति की सिफारिश के आधार पर 28 अक्टूबर को आदेश जारी हुआ। आदेश में कहा गया है कि स्कूल की प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रजापति को उनके दायित्व से मुक्त किया जा रहा है।
दुलेश्वर सिंह को मिली स्कूल की कमान
आदेश के मुताबिक जनकपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता एलबी दुलेश्वर सिंह को रघुनाथनगर स्कूल के प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी दी गई है। वे अपने मौजूदा दायित्व भी संभालते रहेंगे। वहीं महेश कुमार प्रजापति को तुरंत संयुक्त जिला कार्यालय बलरामपुर की शिक्षा शाखा में हाजिरी देने के निर्देश दिए गए हैं।
परिजनों ने जताई थी आपत्ति
स्कूल में संस्कार सरिता किताब बांटे जाने पर अभिभावकों ने आपत्ति जताई थी। प्राचार्य को हटाने की कार्रवाई के बाद भी यह मामला शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है।