रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ अभियान को एक साथ कई सफलताएं मिली हैं। बिजापुर में 13 लाख के दो इनामी माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं, सुकमा और बीजापुर में नक्सलियों के डंप से हथियार, विस्फोटक और लाखों रुपये नकद बरामद हुए हैं।
13 लाख के दो इनामी माओवादियों का सरेंडर
ओडिशा स्टेट कमेटी के तहत सक्रिय दो माओवादियों ने बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम था। नागमणि कुडमे उर्फ शीला (32) बीजापुर के चिपुर भट्टी गांव की रहने वाली है। वह बटालियन नंबर 08 में सीवाईपीसीएम पद पर सक्रिय थी और उस पर 8 लाख रुपये का इनाम था। गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26) डोडीतुमनार गांव का निवासी है। वह कालाहांडी एरिया कमेटी का सदस्य था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम था।
पुलिस के मुताबिक नागमणि 2006-07 में संगठन से जुड़ी थी और कंधमाल, नुआपाड़ा व गरियाबंद की कई मुठभेड़ों में शामिल रही। गंगा 2008 में बाल संघम के जरिए जुड़ा था और कोंटा, नारायणपुर समेत कई इलाकों में सुरक्षा बलों पर हुए हमलों में शामिल रहा। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की पुनर्वास नीति, सुरक्षाबलों की बढ़ती मौजूदगी और कौशल विकास कार्यक्रमों से प्रभावित होकर दोनों हथियार डाले। दोनों को आर्थिक मदद,आवास, शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर दिए जाएंगे।
सुकमा में हथियारों का जखीरा बरामद
सुकमा के चिंतलनार क्षेत्र में नक्सलियों के गुप्त डंप से 8 देशी हथियार, 229 जिंदा कारतूस,टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली है।
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को दो बड़ी सफलताएं। #Sukma के चिंतलनार क्षेत्र में नक्सलियों के गुप्त डम्प से 8 देशी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। वहीं, #Bijapur के भैरमगढ़ स्थित बड़ेपल्ली जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद हुए। दोनों कार्रवाई DRG, जिला पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने की। इससे पहले भी नक्सली ठिकानों से 7 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक नकदी और 8.5 किलो सोना बरामद किया जा चुका है। #NaxalDump @sukmapolice @BijapurPolice #Chhattisgarh
— Anshuman Sharma (@anshuman_sunona) November 25, 2026
बीजापुर के जंगल में जमीन के अंदर छिपे थे 39 लाख
बीजापुर के भैरमगढ़ स्थित बड़ेपल्ली जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डंप से 39 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद हुए। दोनों कार्रवाई डीआरजी, जिला पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने की। इससे पहले भी नक्सली ठिकानों से 7 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक नकदी और 8.5 किलो सोना बरामद किया जा चुका है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के लगातार अभियानों से माओवादी नेटवर्क कमजोर हो रहा है।