रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में वांटेड कारोबारी विकास अग्रवाल को UAE से भारत लाया गया है। CBI उसे 27 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट लेकर पहुंची। विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस से तालमेल के बाद यह कार्रवाई हुई।
सिंडिकेट का खजांची
विकास अग्रवाल पर 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी करने का आरोप है। CBI के मुताबिक इससे सरकारी खजाने को 1280 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। उसे सिंडिकेट का केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी खजांची बताया गया है। आरोप है कि वह डिस्टिलरीज से कमीशन जुटाता और अफसरों व सिंडिकेट के सदस्यों तक पहुंचाता था। काली कमाई छिपाने के लिए कंपनियों के जरिए लेन-देन कराने में भी उसकी भूमिका बताई गई है। इस मामले में नवंबर 2024 में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, फिर भी वह फरार था।
रेड नोटिस के बाद UAE में गिरफ्तारी
छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था। UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर उसे भारत भेजा गया। दुबई एयरपोर्ट पर उसे छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम को सौंपा गया। मुंबई की सीबीआई कोर्ट में पेशी के बाद प्रोडक्शन वारंट पर उसे जल्द छत्तीसगढ़ लाया जाएगा।
क्या है शराब घोटाला
ED जांच कर रही है। उसके मुताबिक तत्कालीन भूपेश सरकार में IAS अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट से घोटाला हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स में घोटाला 3,200 करोड़ रुपये तक बताया गया है। ED अब तक करीब 1,000 करोड़ की संपत्ति कुर्क या जब्त कर चुका है।