नई दिल्ली। भाजपा संगठन का दो दिन का वर्कशॉप शुक्रवार को दिल्ली के पूसा में शुरू हो गया। इसमें राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्यों के प्रभारी शामिल हैं। उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ दीप जलाकर वर्कशॉप की शुरुआत की।
उद्घाटन सत्र में क्या होगा
सत्र की अध्यक्षता नितिन नबीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष कर रहे हैं। यहां वर्कशॉप का एजेंडा और लक्ष्य तय होंगे। संगठन मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियां आगे बढ़ाने पर बात होगी। पीएम मोदी पदाधिकारियों से बातचीत भी कर सकते हैं। रात करीब 9 बजे अनौपचारिक बातचीत का सत्र होगा, जो देर रात तक चल सकता है।
दूसरे दिन तीन सत्र
शनिवार को सुबह से कार्यवाही शुरू होगी और तीन सत्र रखे गए हैं। इनमें पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज और रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी। पार्टी के अलग-अलग स्तर पर काम मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक छोटे समूहों में भी बातचीत होगी, जहां पदाधिकारी प्राथमिकताओं और आगे की रणनीति पर राय रखेंगे। समापन सत्र शाम करीब 4 बजे शुरू होगा।
अगस्त में भी हुई थी बैठक
नई टीम के कार्यभार संभालने के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के बीच यह दूसरी बातचीत है। नितिन नबीन ने 17 अगस्त को 65 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था। इसके बाद 22 अगस्त को पीएम मोदी ने पार्टी मुख्यालय में पदाधिकारियों से मुलाकात की थी।