कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में जंगली हाथियों की आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीते एक सप्ताह के भीतर हाथियों के हमले में दो महिलाओं की जान जा चुकी है। वहीं, रविवार को हाथी को सामने देखकर भागने के दौरान एक किसान घायल हो गया। जिले में हाथियों के दो अलग-अलग दल सक्रिया हैं। कहीं हाथी इंसानों पर हमला कर रहें हैं, तो कहीं खेतों में घुसकर फसलें बर्बाद करने के साथ मकानों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। हालात को देखते हुए वन विभाग ने 20 गांवों में अलर्ट जारी किया है।
दो अलग-अलग हाथी दल से बढ़ी परेशानी
वन विभाग के मुताबिक,जिले में इन दिनों हाथियों के दो अलग-अलग दल विचरण कर रहे हैं। इनमें एक दंतैल हाथी है, जो जून महीने में अपने झुंड से बिछड़ गया था। यह अकेला हाथी ग्रामीण इलाकों में घूम रहा है और लोगों पर हमले की घटनाओं से दहशत फैली हुई है। दूसरी ओर, चार हाथियों का एक दल खेतों और गांवों के आसपास सक्रिय है। यह दल खेतों में घुसकर फसलों को रौंद रहा है। धान के ढेर उजाड़ने के साथ ग्रामीणों के मकानों को भी नुकसान पहुंचा रहा है। रविवार रात इस दल ने केसमरदा गांव में जमकर उत्पात मचाया। यहां बैगा परिवारों के घरों में तोड़फोड़ की गई।
हाथी को देखकर भागा किसान
रविवार को तरेगांव वन परिक्षेत्र के शंभू पीपर गांव में किसान का सामना एक हाथी से हो गया। हाथी को अपने सामने देखकर किसान घबरा गया और जान बचाने के लिए भगाने लगा। इसी दौरान वह जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके पैर और कमर में चोट आई। घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद आसपास के गांवों में भी हाथियों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
कवर्धा बैगा परिवार में शादी है, मेहमान सब इकट्ठा हैं, तभी वहाँ 4 हाथियों का दल पहुँच गया, दल ने ख़ूब उत्पात मचाया, दो बैगा परिवार के घरों को नुकसान पहुंचाया, शादी में आए मेहमानों के लिए रखे चावल को चट कर गए, साथ ही चावल को जमीन पर बिखेर भी दिया हाथियों के झुंड को देखकर ग्रामीणों ने भाग कर जान बचाई, पूरी रात दहशत में कटी कुकुदुर थाना के केशमर्दा गाँव का मामला है पिछले एक हफ्ते से इलाके में हाथियों की मौजूदगी है , वन विभाग हाथियों पर नज़र बनाए हुए है, शादी है कम से कम पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और फौरी आर्थिक राहत मिल जाए तो अच्छा है। @vijaysharmacg #Kawardha @KabirdhamDist @ForestCgGov
— Anshuman Sharma (@anshuman_sunona) November 23, 2026
पंडरिया से कवर्धा तक हाथियों की मौजूदगी
चार हाथियों का दल पंडरिया वन परिक्षेत्र के रुकमणी दादर, चौगड्डा और ठाड़ पथरा इलाके में घूम रहा है। जंगल से लगे गांवों में हाथियं की आवाजाही के कारण ग्रामीणों के लिए खेतों तक पहुंचना और रोजमर्रा के काम करना जोखिम भरा हो गया है। इसके अलावा 22 नवंबर को तरेगांव वन परिक्षेत्र के बोक्करखार सर्किल की ढोलबज्जा बीट में एक जंगली हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई थी। कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट के कक्ष 307 में भी हाथी के पैरों के निशान और लीद मिली है।
20 गांवों में मुनादी, ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने 20 गांवों में अलर्ट जारी किया है। विभागीय कर्मचारी गांवों में पहुंचकर मुनादी करा रहे हैं और लोगों को हाथियों से बचाव के तरीके बता रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों में अनावश्यक रूप से न जाएं। अगर कहीं हाथी दिखाई दे तो उसके पास जाने, उसे छेड़ने या भगाने की कोशिश बिल्कुल न करें। फिलहाल वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच सबसे बड़ी चुनौती लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी फसलों और घरों को हाथियों से बचाना है।