दीपावली पर चित्रकूट में दीप जलाकर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। रविवार देर रात मऊ तहसील के रामनगर कस्बे में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हैं। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 25 लोग सवार थे। इनमें 5 लोग ट्रैक्टर पर और 20 लोग ट्रॉली में बैठे थे। सभी दीपावली के मौके पर चित्रकूट मेले में दीप जलाकर और पूजा-पाठ करने के बाद मध्यप्रदेश के रीवा और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान रामनगर कस्बे में नहर के पास ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक अचानक निकल गया।
चलते ट्रैक्टर से अलग हुई ट्रॉली, खाई में पलटी
हुक निकलने के बाद ट्रैक्टर करीब 50 मीटर आगे निकल गया, जबकि ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। ट्रॉली में बैठे लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।ट्रॉली में सवार कुछ महिलाएं किसी तरह बाहर निकलीं और घायल अवस्था में पास की बस्ती तक पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से मदद मांगी। इसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और टॉर्च की रोशनी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। ग्रामीणों ने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
दो बच्चों समेत 4 की मौत, 5 प्रयागराज रेफर
सूचना मिलते ही रैपुरा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत को देखते हुए पांच घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया है।मृतकों की पहचान रीवा के शिववास (7), प्रयागराज के त्रिवेणी (40), नन्हें (6) और राधे कृष्ण (52) के रूप में हुई है।
DM और SP ने घटनास्थल पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। सीएमओ महेंद्र त्रिपाठी ने भी CHC रामनगर पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।एसपी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, मृतकों में एक व्यक्ति रीवा के मझिगवां थाना क्षेत्र के चाकघाट और तीन प्रयागराज के ऊंचागांव के रहने वाले थे। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।