रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर पूरे छत्तीसगढ़ में रविवार को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में जाने से पहले रायपुर में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया।
धर्मजयगढ़ में होगा मुख्य आयोजन
प्रदेश का मुख्य कार्यक्रम रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में होगा। यहां राजकीय समारोह में सीएम साय शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नबीन और छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रभारी स्मृति ईरानी भी कार्यक्रम में पहुंचेंगी। सीएम साय ने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है इस बार आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यक्रम में जन सैलाब उमड़ेगा और बड़ी संख्या में धरती आबा की जयंती पर जुटेंगे। उन्होंने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई भी दी। सीएम के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद ही इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया।
सीएम ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 79 साल में कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही, फिर भी आदिवासी समाज के लिए कुछ नहीं किया। उनके मुताबिक कांग्रेस ने इस समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। साय ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद ही जनजातीय समाज के बारे में सोचने की प्रक्रिया शुरू हुई। उन्होंने याद दिलाया कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के साथ जनजाति मंत्रालय भी बनाया था। उनका दावा है कि भाजपा आदिवासी विकास के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं, कांग्रेस के लोग अपने किए का हिसाब बताने में पूरी तरह फेल हैं।
इमरजेंसी का जिक्र कर बोले- कांग्रेस को संविधान पर बोलने का हक नहीं
सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस को संविधान और लोकतंत्र पर बोलने का अधिकार नहीं है। उन्होंने 1975 की इमरजेंसी का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि अपने स्वार्थ के लिए लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ किया गया और लोगों को लोकतांत्रिक अधिकार छीन लिए गए। उनके मुताबिक इन कारनामों को अब पूरा देश जान चुका है।
धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनजातीय समाज के विकास के लिए धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया गया है। इनमें छत्तीसगढ़ के 6691 गांव शामिल हैं। विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम जनमन योजना शुरू की। साय के अनुसार छत्तीसगढ़ में ऐसी सिर्फ 5 जातियाँ हैं और उनकी कुल आबादी 3 लाख 20 हजार है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने उनके विकास के लिए कुछ नहीं किया।
मुख्यधारा से जुड़ रहा जनजातीय समाज
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के लोग जाकर जनजातीय बसावटों को देख लें, उन्हें समझ आ जाएगा कि क्या काम हुआ है। उनके मुताबिक अब आदिवासी परिवारों के अपने पक्के घर बन रहे हैं और सरकार उनकी मदद कर रही है। सौर उर्जा से बिजली पहुंचाई जा रही है। घरों तक साफी पानी देने का काम चल रहा है और राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं। साय ने कहा कि जो लोग कल तक मुख्यधारा से कटे थे, उन्हें आज उससे जोड़ा जा रहा है।