भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश सरकार करीब डेढ़ लाख सरकारी पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सभी विभागों को खाली पदों का आकलन कर जल्द भर्ती प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं। खास बात यह है कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया के लिए विभागवार रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया है।
वहीं, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी 2027 अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अगले साल दो राज्य सेवा परीक्षाएं आयोजित करने की तैयारी है। इनमें नियमित राज्य सेवा परीक्षा के साथ विशेष परीक्षा भी शामिल होगी।
डेढ़ लाख पदों पर भर्ती की तैयारी, विभागों को मिले निर्देश
सरकार ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में खाली पड़े सरकारी पदों को भरने की दिशा में कवायद तेज कर दी है। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सभी विभागों से स्वीकृत पदों, रिक्तियों और सेवानिवृत्ति के बाद खाली होने वाले पदों का आकलन करने को कहा है।अब तक मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग को 6,588 और कर्मचारी चयन मंडल (ESB) को 17,299 पदों पर सीधी भर्ती के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। यानी कुल 23,887 पदों के भर्ती प्रस्ताव आयोग और चयन मंडल तक पहुंच चुके हैं।सरकार का जोर है कि भर्ती प्रक्रिया केवल प्रस्ताव तैयार करने तक सीमित न रहे, बल्कि विभाग तय समय-सीमा के भीतर आगे की कार्रवाई भी पूरी करें।
68 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को मिली पदोन्नति
सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति को लेकर भी बैठक में जानकारी दी गई। अब तक प्रदेश में 68,437 कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा चुकी है। गृह और राजस्व विभाग ने इस दिशा में बेहतर काम किया है।मुख्य सचिव ने इस साल होने वाली पदोन्नतियों की प्रक्रिया भी समय पर शुरू करने को कहा है। इसके साथ ही पदोन्नति के बाद खाली होने वाले पदों पर भर्ती की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।
2027 में दो बार होगी MPPSC राज्य सेवा परीक्षा
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सबसे अहम जानकारी MPPSC को लेकर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर वर्ष 2027 में दो राज्य सेवा परीक्षाएं आयोजित करने की तैयारी है। इनमें एक नियमित और दूसरी विशेष राज्य सेवा परीक्षा होगी।
दोनों परीक्षाओं का प्रस्तावित शेड्यूल इस प्रकार है
|
परीक्षा प्रक्रिया |
नियमित राज्य सेवा 2027 |
विशेष राज्य सेवा 2027 |
|---|---|---|
|
विज्ञापन |
नवंबर 2026 का अंतिम सप्ताह |
मार्च 2027 |
|
प्रारंभिक परीक्षा |
जनवरी 2027 |
मई 2027 |
|
मुख्य परीक्षा |
जून 2027 |
सितंबर 2027 |
|
इंटरव्यू |
नवंबर 2027 |
दिसंबर 2027 |
MPPSC सचिव के मुताबिक, नियमित राज्य सेवा परीक्षा 2027 के लिए नवंबर के अंतिम सप्ताह तक रिक्तियों का विज्ञापन जारी करने की योजना है।
विभागों को नियमित परीक्षा के लिए 31 दिसंबर 2026 की स्थिति में संभावित रिक्तियों के प्रस्ताव 25 नवंबर तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, विशेष परीक्षा के लिए 2027 की संभावित रिक्तियों का आकलन कर 15 मार्च तक प्रस्ताव भेजने होंगे।