महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर CBI ने देश के 6 राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई जगहों पर लाइव सट्टा पैनल चलते मिले, जिन्हें मौके पर ही बंद कराया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि सट्टे से जुटाई गई रकम दूसरे लोगों के बैंक खातों में जमा कराई जाती थी और फिर हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजी जाती थी।
33 ठिकानों पर छापे, लाइव सट्टा पैनल मिले
CBI की इस कार्रवाई में सट्टा नेटवर्क से जुड़े कई ऑपरेटरों की गतिविधियां सामने आई हैं। छापेमारी के दौरान जांच टीमों को कुछ स्थानों पर लाइव सट्टा और जुए के पैनल संचालित मिल गए। अधिकारियों ने इन पैनलों को तत्काल बंद कराया.कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी अब इन डिजिटल सबूतों की पड़ताल कर रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और पैसों के लेनदेन की जानकारी जुटाई जा सके।
भोपाल-इंदौर समेत इन शहरों में पहुंची CBI
CBI ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की जानकारी दी है। जिन शहरों में छापेमारी हुई, उनमें रायपुर, दुर्ग, अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं.मध्य प्रदेश में भोपाल और इंदौर में हुई कार्रवाई भी जांच के लिहाज से अहम मानी जा रही है। हालांकि, इन शहरों में जब्त सामग्री और संदिग्धों की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
किराए के बैंक खातों से विदेश भेजते थे सट्टे की रकम
जांच में सट्टे के पैसों के लेनदेन का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। CBI के मुताबिक, पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते थे और उनके जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। इसके बाद ग्राहकों से मिलने वाली रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जो दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाए गए थे या किराए पर लिए गए थे.इन खातों का इस्तेमाल सट्टे से जुटाई गई रकम को इधर-उधर करने के लिए किया जाता था। बाद में हवाला नेटवर्क के जरिए पैसा विदेश भेज दिया जाता था। जांच एजेंसी को शक है कि इस पूरे काम में देशभर में फैले ऑपरेटरों और विदेश में बैठे लोगों का नेटवर्क सक्रिय था।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले अहम सुराग
CBI की कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद आगे बढ़ी। उसे 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद CBI ने गिरफ्तार कर रायपुर की विशेष अदालत से 8 दिन की पुलिस रिमांड हासिल की थी.पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को ऐप के संचालन के तरीके, सट्टा पैनल चलाने वाले ऑपरेटरों और देशभर में फैले नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां मिलीं। इन्हीं सुरागों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में छापेमारी की गई।
19 नवंबर तक जेल में रहेगा सौरभ
CBI की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था.इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर 7 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर लिया है। यानी अब महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI के साथ ED भी उससे पूछताछ कर रही है।