उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार को सियासी हलचल तेज हो गई, जब योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री Sanjay Nishad धरने पर बैठ गए। वे श्रृंगवेरपुरधाम में मस्जिद हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, Sanjay Nishad अपने समर्थकों और Nishad Party के कार्यकर्ताओं के साथ जीटी रोड पर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि श्रृंगवेरपुरधाम में मंदिर के पास बनी मस्जिद को हटाया जाए। मंत्री ने आरोप लगाया कि संबंधित स्थल पर अवैध कब्जा किया गया है और इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
धरने के चलते प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंस गए, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। धरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। Sanjay Nishad को समझाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे कार्रवाई के आश्वासन के बिना धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हैं। मंत्री ने मस्जिद हटाने के साथ-साथ क्षेत्र में कथित अवैध अतिक्रमण और अवैध खनन पर भी रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि निषादराज से जुड़े ऐतिहासिक स्थल का अस्तित्व खतरे में है।
पहले भी कर चुके हैं विरोध
बताया जा रहा है कि Sanjay Nishad इससे पहले भी इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। इस बार धरना सीधे हाईवे पर होने से मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।