राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर युवाओं को संगठित करने जनसंपर्क अभियान तेज
हरदा:राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर युवाओं को संगठित करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 'तरुणोदय भारत' युवा पथ संचलन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर नगर में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा मोहल्ला बैठकों और घर-घर संपर्क के माध्यम से युवाओं को आमंत्रित किया जा रहा है।
अभियान के तहत महाविद्यालय के विद्यार्थियों, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े युवाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय युवाओं से संपर्क किया जा रहा है। बैठकों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकात्मता, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं में संगठन भावना, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना है। आयोजकों के अनुसार, युवाओं की ऊर्जा और सामूहिक शक्ति को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संघ के शताब्दी वर्ष को भविष्य की पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने का अवसर बताते हुए कार्यकर्ता युवाओं से आयोजन में सहभागिता की अपील कर रहे हैं। 'शताब्दी की साधना, तरुणाई का संकल्प' के संदेश के साथ आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम युवा शक्ति को संगठित करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।