रायपुर। छत्तीसगढ़ में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिमगा के पास दरचुरा मोड़ के नजदीक एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने यात्री बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनभर से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर इतनी तेज कि बस के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। बस जैसे ही दरचुरा मोड़ के पास पहुंची, पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
बस हाईवे से नीचे जाकर पलटी
टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे जा गिरी और पलट गई। बस में बैठे कई यात्री सीटों के बीच फंस गए, कुछ लोग खिड़कियों से बाहर जा गिरे। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
मृतकों में महिला और बच्चे भी शामिल
इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। कई घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया, क्योंकि स्थिति काफी गंभीर थी। मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सुबह लगभग सवा ग्यारह बजे हुई। बस रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी।
सिमगा से 10 किमी आगे हुआ हादसा
जैसे ही बस सिमगा से करीब 10 किलोमीटर आगे दामाखेड़ा मार्ग पर दरचुरा मोड़ के पास पहुंची, पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस का कहना है कि ट्रेलर चालक की लापरवाही भी हादसे की एक वजह हो सकती है, हालांकि जांच जारी है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रेलर चालक से भी पूछताछ की जा रही है।