DGP Kailash Makwana Extension: मध्य प्रदेश के पुलिस को सबसे बड़े पद नए डीजीपी को लेकर सस्पेंस बढ़ता ही जा रहा है। वर्तमान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना को तीन महीने का एक्सटेंशन दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक गलियारों में इस बात की चर्चा है कि यदि राज्य सरकार उन्हें एक्सटेंशन नहीं देती है, तो प्रदेश में नए डीजीपी की ताजपोशी की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। नए पुलिस प्रमुख की दौड़ में तीन आईपीएस अधिकारी जिनमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम चर्चा में बना हुआ है।
IPS वरूण कपूर
संभावित सूची में वरुण कपूर सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। जुलाई 2025 से वे मध्य प्रदेश जेल विभाग के महानिदेशक का दायित्व संभाल रहे हैं। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अपने नवाचारों के लिए पहचाने जाने वाले कपूर ने ब्लैक रिबन इनिशिएटिव और प्रोजेक्ट साइ-कॉप्स जैसी पहल शुरू की हैं। उनकी सेवानिवृत्ति मई 2027 में निर्धारित है।
IPS उपेंद्र जैन
इस रेस में दूसरा बड़ा नाम उपेंद्र जैन का है, जो दिसंबर 2024 से आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के महानिदेशक पद पर कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अगस्त 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले उपेंद्र जैन को भी नए डीजीपी पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
IPS प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव
तीसरे प्रमुख दावेदार के रूप में प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम शामिल है। वे मई 2025 से होमगार्ड विभाग की महानिदेशक हैं और इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला अधिकारी भी हैं। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय की महिला सुरक्षा शाखा में स्पेशल डीजी की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। यदि राज्य सरकार उनके नाम पर मुहर लगाती है, तो वे मध्य प्रदेश की पहली महिला डीजीपी बनकर नया इतिहास रचेंगी।
सरकार के फैसले पर टिकी निगाहें
फिलहाल सभी की निगाहें राज्य सरकार के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं कि मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना का कार्यकाल तीन महीने के लिए बढ़ाया जाता है या फिर इन तीन आईपीएस अधिकारियों में से किसी एक को प्रदेश की कानून-व्यवस्था की कमान सौंपी जाती है।