Womens Asian Champions Trophy 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आज से एक ऐतिहासिक खेल आयोजन की गवाह बनने जा रही है। शहर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आगाज हो गया है। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस 10 दिवसीय टूर्नामेंट में मेजबान भारत समेत एशिया की कुल छह टीमें चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड खिताब के लिए जोर-आजमाइश करेंगी।
पहले दिन तीन मुकाबले
टूर्नामेंट के शुरुआती दिन हॉकी प्रेमियों को रोमांचक मुकाबलों की हैट्रिक देखने को मिलेगी। दोपहर 12:15 बजे उद्घाटन मैच में चीन और थाईलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। दोपहर 2:30 बजे दूसरे मुकाबले में जापान और कोरिया के बीच टक्कर होगी। वही शाम 4:45 बजे भारतीय महिला टीम मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान का शंखनाद करेगी। तो वही शाम 6:30 बजे मैचों के बाद टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा।
आपको बता दें कि भोपाल के ऐशबाग स्टेडियम में सालों से पुरुष हॉकी के राष्ट्रीय टूर्नामेंट होते रहे हैं और 2009 में यहां वर्ल्ड सीरीज हॉकी भी खेली गई थी, लेकिन यह पहला अवसर है जब शहर में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप आयोजित हो रही है।
चीन सबसे आगे, भारत दूसरे नंबर पर
खिताबी जंग में भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती चीन की होगी। वर्ल्ड रैंकिंग में चीन चौथे और भारत सातवें स्थान पर है, जबकि एशियाई रैंकिंग में चीन पहले और भारत दूसरे पायदान पर काबिज है। टूर्नामेंट की अन्य टीमों में जापान 11वें, कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर हैं।
भारत के मुकाबलों का शेड्यूल
19 नवंबर: भारत बनाम मलेशिया (शाम 4:45 बजे)
21 नवंबर: भारत बनाम कोरिया (शाम 7:00 बजे)
22 नवंबर: भारत बनाम थाईलैंड (शाम 7:00 बजे)
24 नवंबर: भारत बनाम चीन (शाम 7:00 बजे)
25 नवंबर: भारत बनाम जापान (शाम 7:00 बजे)
सेमीफाइनल और फाइनल का कार्यक्रम
25 नवंबर को लीग मुकाबले खत्म होने के बाद 27 नवंबर को अंक तालिका की स्थिति के आधार पर मुकाबले होंगे। इसमें दोपहर 2 बजे 5वें-6ठे स्थान का मैच, शाम 4:30 बजे पहले बनाम चौथे स्थान और शाम 7 बजे दूसरे बनाम तीसरे स्थान की टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के आखिरी दिन 28 नवंबर को शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल और शाम 7:00 बजे गोल्ड मेडल के लिए खिताबी भिड़ंत होगी।