बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम अब सिर्फ क्रिकेट का मैदान नहीं रहेगा। यह एक ऐसी जगह भी बनेगा जहां यादें, र्द और सम्मान साथ-साथ मौजूद होंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी ने एक ऐसा फैसला लिया है, जो हर क्रिकेट फैन को भावुक कर सकता है।
11 सीटें हमेशा रहेंगी खाली
स्टेडियम में खेले जाने वाले हर IPL और इंटरनेशनल मैच में अब 11 सीटें हमेशा खाली रखी जाएंगी। ये सीटें उन 11 लोगों की याद में होंगी, जिन्होंने पिछले साल भगदड़ में अपनी जान गंवाई थी। इन्हें कभी बेचा नहीं जाएगा… ये हमेशा एक खामोश श्रद्धांजलि बनकर रहेंगी।
हर मैच से पहले एक मिनट का मौन
सिर्फ खाली सीटें ही नहीं, बल्कि स्टेडियम के एंट्री गेट पर एक मेमोरियल प्लाक भी लगाया जाएगा। मैच शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा, जिसमें दोनों टीमें शामिल होंगी। उस वक्त स्क्रीन पर पीड़ितों के नाम भी दिखाए जाएंगे, ताकि लोग उन्हें याद रखें। यह पहल केएससीए और आरसीबी ने मिलकर की है। इस खास पहल का मतलब साफ है कि जो हुआ उसे भुलाना नहीं, बल्कि सम्मान देना है।
दर्दनाक है, लेकिन याद रखना जरूरी
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोशिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि इस घटना को याद करना पीड़ा देने वाला है, लेकिन लोगों की याद को सम्मान देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस स्मारक को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही थी, और आखिरकार इसे हकीकत में बदला जा रहा है।
हिल्सबरो मेमोरियल की तर्ज पर तैयार होगा स्मारक
इस मेमोरियल की डिजाइन इंग्लैंड के फेमस हिल्सबरो मेमोरियल से प्रेरित होगी। 1989 में हुए हिल्सबरोभीषण हादसे में 97 फैंस की मौत हुई थी। इसके बाद वहां यह स्मारक बनाया गया था।
हादसे के बाद रुका था क्रिकेट
बता दें कि 4 जून 2025 को आरसीबी की पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी। इसमें 11 लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद स्टेडियम को असुरक्षित बताते हुए बड़े आयोजनों पर रोक लगा दी गई थी। इतना ही नहीं कई बड़े टूर्नामेंट भी यहां से शिफ्ट करने पड़े। लेकिन अब सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के बाद स्टेडियम को फिर से मैचों की मंजूरी मिल गई है।
IPL 2026 में फिर गूंजेगा चिन्नास्वामी
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में एक बार फिर इस मैदान पर क्रिकेट लौटेगा। 28 मार्च को यहां ओपनिंग मैच खेला जाएगा। जहां RCB का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।