नई दिल्ली। अगर आपके घर में एलपीजी सिलेंडर आता है तो यह खबर आपके काम की है। साइबर ठगों ने अब गैस कनेक्शन को ही ठगी का नया जरिया बना लिया है। कहीं सब्सिडी रुकने की धमकी दी जा रही है तो कहीं केवाईसी पूरा न होने का हवाला देकर फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों में दिए गए लिंक पर एक क्लिक आपको मुश्किल में डाल सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक ने ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
फोन पर एजेंसी कर्मचारी बनकर बात करते हैं ठग
आजकल बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर बुक करने और सब्सिडी की जानकारी लेने के लिए ऑनलाइन माध्यम अपनाते हैं। ठग इसी आदत का फायदा उठाते हैं। वे फोन करके खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हैं और कहते हैं कि आपकी सब्सिडी जल्द बंद हो जाएगी। कई बार यह भी कहा जाता है कि KYC अधूरी रहने पर कनेक्शन में दिक्कत आ सकती हैं। जब सामने वाला व्यक्ति भरोसा कर लेता है तो उसे वाट्सएप या एसएमएस पर एक लिंक भेजा जाता है। इसी लिंक के जरिए केवाईसी अपडेट करने या सब्सिडी फिर से चालू कराने को कहा जाता है।
एपीके (APK) फाइल से फोन में घुस सकता है मालवेयर
कुछ मामलों में ठग लिंक की जगह एपीके फाइल डाउनलोड कराने का दबाव बनाते हैं। ऐसी फाइल इंस्टॉल होते ही फोन में मालवेयर आ सकता है। इसके बाद आपकी निजी जानकारी और बैंकिंग डिटेल ठगों तक पहुंच सकती है, जिससे खाता खाली होने का खतरा रहता है।
इन बातों का ध्यान रखें-
गैस सब्सिडी या केवाईसी के नाम पर आए किसी भी अनजान लिंक को न खोलें। ओटीपी, एटीएम पिन और सीवीवी किसी के साथ साझा न करें, चाहे सामने वाला खुद को बैंक या एजेंसी का आदमी क्यों न बताए। वाट्सएप या एसएमएस से आई एपीके फाइल कभी डाउनलोड न करें। सिलेंडर बुकिंग और केवाईसी के लिए केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही सहारा लें। फोन पर खुद को बैंक या गैस एजेंसी का कर्मचारी बताने वाले हर व्यक्ति की बात पर आंख मूंदकर यकीन न करें।
ठगी होने पर पीड़ित क्या करें?
अगर ग्राहक ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो जाएं तो बिल्कुल भी देर न करें।
तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
इसके अलावा आप cybercrime.gov.in पर जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
याद रखें कि सब्सिडी और KYC के नाम पर आने वाला हर संदेश असली नहीं होता।
याद रखें कि कोई भी लिंक खोलने से पहले उसकी सच्चाई परख लें।
आपकी थोड़ी सी सतर्कता मेहनत की कमाई को बचा सकती है।