भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है और इसमें मध्य प्रदेश को अच्छी जगह मिली है। राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और दूसरे दायित्वों के लिए कुल 45 नेताओं के नाम तय हुए हैं। इनमें प्रदेश के चार नेता शामिल हैं। सबसे बड़ा नाम भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए वैभव पवार का है।
वैभव पवार को मिली राष्ट्रीय मंत्री की कुर्सी
वैभव पवार पहले भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन में युवा मोर्चा से निकले नेता को अब राष्ट्रीय स्तर पर नई भूमिका मिली है। वैभव मूल रूप से सिवनी के रहने वाले हैं, यानी महाकौशल अंचल को भी इस सूची में प्रतिनिधित्व मिला है।
इंदौर से प्रदीप माहौर सोनी को मिली जिम्मेदारी
इंदौर के प्रदीप माहौर सोनी को मोर्चा का इंटरनेट मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। वे इससे पहले पार्टी में प्रदेश प्रवक्ता रहे हैं और मीडिया पैनलिस्ट के तौर पर भी लगातार सक्रिय रहे। टीवी बहसों और सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष रखने का अनुभव अब उनके काम आएगा।
कार्यसमिति में ग्वालियर और भोपाल क्षेत्र के नेता
प्रदेश से सीताराम बाथम और समीक्षा गुप्ता को ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। समीक्षा गुप्ता ग्वालियर नगर निगम की महापौर रह चुकी हैं। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने ग्वालियर दक्षिण सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी किस्मत आजमाई थी। इसके पहले मध्य प्रदेश के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश में 16 महीने बाद अनुशासनात्मक समिति का गठन किया गया था। इसमें भी नेताओं को जिम्मेदारी मिली थी।