जब भी आप फ्लाइट में सफर करते हैं, तो बहुत से नियमों का पालन किया जाता है। ये तो आप जानते ही होंगे। आमतौर पर लोग जानते हैं कि फ्लाइट में 100 मिलीलीटर से अधिक तरल पदार्थ (liquids), नुकीली वस्तुएं (Sharps) और ज्वलनशील चीजें (Flammable Materials) ले जाने पर रोक होती है। लेकिन क्या आपको पता है कि फ्लाइट में नारियल ले जाना बैन है?
क्यों नहीं ले जा सकते नारियल?
हाल ही में IndiGo Airlines ने सोशल मीडिया पर एक सवाल के जवाब में बताया कि सूखा नारियल (खोपरा) फ्लाइट में ले जाना सुरक्षित नहीं माना जाता। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह इसकी ज्वलनशील प्रकृति है। सूखे नारियल में तेल की मात्रा काफी अधिक होती है, जिससे यह जल्दी आग पकड़ सकता है।
गर्मी की वजह से लग सकती है आग
एयरलाइंस के अनुसार, सूखा नारियल न केवल हैंड बैगेज बल्कि चेक-इन बैगेज में भी ले जाने की अनुमति नहीं होती। विमान के कार्गो हिस्से में वेंटिलेशन सीमित होता है, ऐसे में अगर कोई ज्वलनशील वस्तु गर्मी के संपर्क में आती है तो आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऊंचाई पर उड़ रहे विमान में आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो सकता है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से ऐसे जोखिम नहीं लिए जाते।
हालांकि कुछ एयरलाइंस जैसे SpiceJet का कहना है कि यदि नारियल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर अच्छी तरह पैक किया जाए, तो उसे चेक-इन बैगेज में सीमित रूप से ले जाया जा सकता है। लेकिन पूरा या सूखा नारियल ले जाना सख्त मना है।
क्या हरा नारियल फ्लाइट में ले जा सकते हैं?
वहीं, हरा या पानी वाला नारियल भी केबिन बैगेज में नहीं ले जाया जा सकता, क्योंकि इसमें तरल पदार्थ होता है और एयरपोर्ट सुरक्षा नियमों के अनुसार तय सीमा से अधिक लिक्विड ले जाना बैन है। इसलिए अगर आप अगली बार हवाई यात्रा करने जा रहे हैं, तो नारियल जैसे साधारण दिखने वाले सामान को भी बैग में रखने से पहले नियमों की पूरी जानकारी जरूर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।