बिजनेस। भारतीय शेयर बाजार सोमवार की सुबह हल्की बढ़त के साथ शुरुआत की थी। लेकिन दिन ढलते-ढलते निवेशकों के हाथ से मुनाफा फिसल गया। शुरुआती बढ़त गंवाकर सेंसेक्स 1483.72 अंक यानी 1.76 फीसदी टूटकर 82435.99 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 450.95 अंक यानी 1.75 फीसदी की गिरावट के साथ 25349.65 पर रहा।
आज के बाजार की 5 बड़ी बातें
सेंसक्स 1483.72 अंक (1.76%) गिरकर 82435.99 पर बंद हुआ।
निफ्टी 450.95 अंक (1.75%) टूटकर 25349.65 पर समाप्त हुआ।
रुपया डॉलर के मुकाबले 29 पैसे कमजोर होकर 92.91( प्रोविजनल) पर बंद हुआ।
टाटा स्टील का शेयर कारोबार के दौरान 8.16 फीसदी तक लुढ़का।
मंगलवार को गुरु नानक जयंती के कारण शेयर बाजार बंद रहेंगे।
किन सेक्टरों में रही सबसे ज्यादा मार
बाजार में सबसे तगड़ी बिकवाली धातु शेयरों में दिखी। सरकारी और निजी बैंक, वित्तीय सेवाएं और तेल-गैस के शेयर भी दबाव में रहे। एक्सिस बैंक करीब 4 फीसदी और हिंडाल्को 3 फीसदी नीचे आए। दूसरी तरफ आईटी सेक्टर ने बाजार को थोड़ा सहारा दिया। उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं और मीडिया सेक्टर भी बढ़त में रहे।
इन शेयरों का हाल
गिरावट वाले शेयरः एक्सिस बैंक (3.95%), आईसीआईसीआई बैंक (3.39%), एचडीएफसी बैंक (3.22%), एसबीआई (2.91%), कोटक महिंद्रा बैंक (2.52%)।
बढ़त वाले शेयर: टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाइटन, आईटीसी और इंफोसिस।
टाटा स्टील पर क्यों बरसी बिकवाली
टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में 26.6 फीसदी प्रवर्तक हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है। यह सौदा 15,510 करोड़ रुपये का है। इसके अलावा कंपनी 16,756 करोड़ रुपये की खुली पेशकश के जरिए 26 फीसदी और हिस्सेदारी लेने की तैयारी में है। खबर के मुताबिक इस कदम से टाटा समूह की अनुप्रवाह उत्पादन क्षमता तीन गुना हो जाएगी। फिर भी बाजार ने इसे हाथों-हाथ नहीं लिया और शेयर में भारी बिकवाली दिखी।
बाजार क्यों गिरा?
निवेशकों ने लगातार चार हफ्तों की बढ़त के बाद मुनाफावसूली की।
बैंक निफ्टी के हालिया रिकॉर्ड स्तर और निफ्टी के 26,000 के करीब पहुंचने से बिकवाली बढ़ी।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर बढ़ाने की आशंकाएं फिर लौट आईं।
रुपये की कमजोरी से भी बाजार की धारणा बिगड़ी।
मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार बाजार शुरुआती बढ़त के साथ खुला, लेकिन बाद में बिकवाली तेज हो गई। उन्होंने इसे बाजार के लिए चुनौतीपूर्ण दिन बताया।