जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के दर्री गांव के तीन लोग रविवार की सुबह घर से इस भरोसे निकले थे कि शाम तक रामनगर सप्ताह में भजन गाकर लौटेंगे। लौटना तो दूर, वे अपनी मंजिल तक भी नहीं पहुंच सके। जिले के डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार यात्री बस ने उनकी बाइक को सामने से ऐसी टक्कर मारी की तीनों मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सपोस जा रहे थे भजन गाने
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) के रूप में हुई है। तीनों दर्री गांव के रहने वाले थे और एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस पहुंचने वाले थे। वहां रामनाम सप्ताह का आयोजन चल रहा है, जिसमें इन्हें भजन-कीर्तन की प्रस्तुति देनी थी।
छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुई टक्कर
हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस तेज रफ्तार में थी और उसने सामने से आ रही बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। चोटें इतनी गंभीर थीं कि किसी को संभलने या अस्पताल पहुंचने का मौका ही नहीं मिला।
टक्कर के बाद मौके से भागा बस चालक
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डभरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, पंचनामा तैयार किया और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। डभरा थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। फरार चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की भी जांच चल रही है।