Digvijay Singh Poster War: गद्दार वाले पोस्टर पर भड़के दिग्विजय सिंह, बोले- गद्दारों को पहचानों

Digvijay Singh on Traitor Poster : भोपाल। मध्य प्रदेश में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को ‘गद्दार’ बताने वाले पोस्टर को लेकर सियासी बवाल मचा गया है। कांग्रेस पोस्टर लगाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसी बीच पोस्टर को लेकर दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया की दी है। उन्होंने कहा है कि, गद्दारों को पहचानों। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम लड़ा गया तो उस समय गद्दारी किसने की?
तो ...गद्दार कौन हुआ?
कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने राज्य के विभिन्न जिलों में उन्हें गद्दार बताने वाले पोस्टरों पर कहा, मैं आपसे पूछता हूं कि जब 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम लड़ा गया तो उस समय गद्दारी किसने की? मैं नाम नहीं लूंगा। 1857 से 1947 तक किसने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी और किसने अंग्रेजों का साथ दिया? यह भी जगजाहिर है। तो वास्तव में गद्दार कौन हुआ?
वक्फ संशोधन अधिनियम पर कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा, मैं बस इतना पूछना चाहता हूं कि आज जब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'एक राष्ट्र, एक कानून, एक नियम, एक चुनाव' की बात करते हैं, तो एक कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए। अगर वक्फ बोर्ड में अन्य धर्म के लोगों को शामिल किया जाएगा तो फिर दूसरे समाज के मठों में भी दूसरे धर्म के लोगों का हक बनता है या नहीं। यह सवाल मैं आपसे पूछता हूं।
ये है पूरा मामला
दरअसल, वक्फ बिल के विरोध करने की वजह से बीते दिन शुक्रवार को प्रदेश भर में दिग्विजय सिंह के खिलाफ पोस्टर लगाए थे। इस पोस्टर्स में दिग्विजय सिंह को गद्दार बताया गया था। ये सभी पोस्टर्स भारतीय जनता युवा मोर्चा ने लगवाए थे। इसमें लिखा था- वक्फ बिल का विरोध करने वाले दिग्विजय सिंह वतन के, धर्म के, पूर्वजों के गद्दार।
‘वक्फ बिल संशोधन’ को लेकर भोपाल समेत कई शहरों में विरोध हो रहा है। दिग्विजय सिंह ने वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध जताते हुए कहा था कि अल्पसंख्यकों को संविधान में मिले अधिकार को छीनने का कुटिल प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मौजूदा केंद्र सरकार पर हिंदू और मुसलमान करने के अलावा कोई काम नहीं करने के आरोप लगाए थे।
दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर में कहा था, “वक्फ संशोधन बिल जो लाया जा रहा है हम उसके खिलाफ है, क्योंकि भारतीय संविधान का बुनियादी प्रावधान है जिसमें अल्पसंख्यकों को संरक्षण का अधिकार दिया गया। उनके अधिकारों को छीनने का कुटिल प्रयास हो रहा है। यह सरकार पिछले 11 साल से केवल हिंदू और मुसलमान कर रही है। ”