अंतत: 43 करोड़ का नीडम आरओबी जनता को समर्पित: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया वर्चुअल लोकार्पण
बहुप्रतीक्षित विवेकानंद नीडम आरओबी अंतत: मंगलवार को जनता को समर्पित कर दिया गया।;

ग्वालियर। शहर की जनता के लिए बहुप्रतीक्षित विवेकानंद नीडम आरओबी अंतत: मंगलवार को जनता को समर्पित कर दिया गया। पीडब्लयूडी सेतु संभाग एवं रेलवे ने इस पर 42.80 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। मंगलवार को मुख्य आयोजन राजस्व भवन की ओर सडक़ पर टेंट लगाकर किया गया। यद्यपि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह एवं प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वर्चुअल जुडक़र संबोधित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्वालियर विकास के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए आने वाले समय में कई विकास कार्यों की सौगात देने की बात कही। इस अवसर पर 50-50 सीटर कन्या छात्रावास का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ग्वालियर में तेजी से अनेक विकास कार्य मूर्तरूप ले रहे हैं। ग्वालियर से आगरा तक सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे के निर्माण से ग्वालियर और दिल्ली में कोई अंतर नहीं रहेगा। साथ ही वेस्टर्न बाईपास सहित अन्य बड़े-बड़े विकास कार्य होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 11 अप्रैल को अशोकनगर जिले के आनंदपुर धाम भी पधार रहे हैं।
विकास के नए आयाम जुड़े: सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर के विकास में नए-नए आयाम जुड़ रहे हैं। इस श्रृंखला में शामिल हुए नए आरओबी से शिवपुरी - दतिया हाईवे तक जाने के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनौतियों को अवसर में बदला है। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्पूर्ण प्रदेश में विकसित राज्य बनाने का काम कर रहे हैं। इससे ग्वालियर के विकास को भी नई ऊँचाइयां मिल रही हैं।
पांच आरओबी समर्पित: तोमर
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि ग्वालियर में एक साथ पांच रेलवे ओवरब्रिज सरकार ने मंजूर किए थे। ये सभी पूर्ण हो चुके हैं, इससे ग्वालियरवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिली है। साथ ही शहर की तस्वीर बदली है। उन्होंने विवेकानंद नीडम आरओबी को देरी से शुरू होने की भी बात कही।
विकास की श्रंखला चल रही: कुशवाह
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर में विकास कार्यों की श्रृंखला चल रही है। निर्माणाधीन बड़े-बड़े कार्यों के पूर्ण होने पर आगे चलकर निश्चित ही ग्वालियर एक विकसित शहर का रूप लेगा। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही हरीशंकरपुरम एवं मोहना में रेलवे अंडरब्रिज की आधारशिला भी रखी जाएगी।
दलगत भावना से उठकर करें विकास: महापौर
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि हम सभी को दलगत भावना से ऊपर उठकर ग्वालियर के विकास में सहभागी बनना चाहिए। जिस पर सांसद श्री कुशवाह ने भी कहा कि हम सब मिलजुलकर और दलगत भावना से ऊपर उठकर ग्वालियर को विकसित शहर बनाएंगे। कार्यक्रम को पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने भी संबोधित किया।
भारत सिंह ने काटा फीता:-
कार्यक्रम स्थल पर उस समय होंच-पोंच की स्थिति निर्मित हो गई जब मुख्यमंत्री द्वारा बटन दबाकर पुल का लोकार्पण करने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा नेता पट्टिका अनावरण और फीता काटने के लिए आतुर हो उठे। तब सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने फीता काटा।
अद्भुत लोकार्पण:-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुशनुमा अंदाज में कहा कि यह लोकार्पण कार्यक्रम अद्भुत है क्योंकि श्री सिंधिया रेल में, विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर नई दिल्ली से, जबलपुर से राकेश सिंह एवं तुलसी सिलावट नर्मदापुरम से इस कार्यक्रम में जुडे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ग्वालियर के बहादुरा के लड्डू पसंद हैं। आज जो सौगात ग्वालियर को मिली ह, सहज ही परस्पर मिठाई खिलाने का भी एक सुअवसर है।
यह रहे उपस्थित:-
भाजपा महानगर अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, सभापति मनोज तोमर, अभय चौधरी, कमल माखीजानी, जयसिंह कुशवाह, समीक्षा गुप्ता, राज चड्ढा, गिर्राज कंषाना, अनिल सांखला, अपर्णा पाटिल आदि उपस्थित रहे।
जब पार्षद हुए नाराज:-
मंच पर जब काफी नेता और पार्षद बैठे हुए थे तभी कुछ पार्षदों को ऊपर बैठने के लिए बुलाया गया जिसमें जितेन्द्र मुदगल, संजीव पोतनीस, बृजेश श्रीवास शामिल थे। लेकिन ऊपर कुर्सी नहीं मिलने पर मुदगल सहित यह पार्षद नाराजगी व्यक्त करते हुए वापस नीचे आ गए। इसी के साथ जिलाधीश रूचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह को मंच पर स्थान नहीं मिला जबकि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय तो मंच के पास ही खड़े रहे।
मांग करने वाले हुए सम्मानित:-
पुल का जल्द से जल्द लोकार्पण की चेतावनी देने वाले कार्यक्रम में बाद में सम्मानित किए गए। सम्मानित होने वालों में भाजपा के वरिष्ठ नेता राज चड्ढा, रामबाबू कटारे, महेश मुदगल, महेन्द्र खत्री, राहुल गुप्ता स्पर्शी एवं सीमा समाधिया शामिल हैं।
यशोधरा ने दी बधाई:-
इधर पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने आरओबी उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि यह पुल ग्वालियर विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है। आने-जाने की राह भी आसान और भविष्य की उम्मीदें भी रोशन।