दिल्ली चुनावों के बाद हुआ दावेदारों के नामों पर मंथन: सप्ताहभर में घोषित होगा नया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष…
भोपाल, विशेष संवाददाता। दिल्ली चुनाव के बाद भाजपा जल्द ही मध्यप्रदेश सहित दूसरे राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि एक सप्ताह के अंदर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि संगठन चुनाव के अंतर्गत मप्र में सभी 62 जिलों में अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व की व्यवस्तता के चलते प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव अटक गया था। अब दिल्ली चुनाव के परिणाम भी आ चुके हैं, और भाजपा ने यह चुनाव जीत भी लिया है। अब जल्द से जल्द केन्द्रीय नेतृत्व मप्र सहित अन्य राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के नाम घोषित कर सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के कई दावेदार
मध्यप्रदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के आधे दर्जन से अधिक दावेदार हैं। हालांकि प्रमुख दावेदारों के नामों पर विचार और मंथन के बाद अंतिम निर्णय केन्द्रीय नेतृत्व ही लेगा।
15 जनवरी तक होना था प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव
मप्र में भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव कार्यक्रम के हिसाब से नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव 15 जनवरी के पहले होना था। चूंकि पहले जिलाध्यक्षों के चुनाव में देरी हुई। इसके बाद संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के दिल्ली विधानसभा चुनाव में व्यस्त होने के कारण संगठन चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
राष्ट्रीय नेतृत्व ने अब संगठन चुनाव प्रक्रिया को गंभीरता से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। हांलांकि राजधानी भोपाल में आगामी 24-25 फरवरी को आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के चलते मप्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन दो सप्ताह आगे भी बढ़ सकता है।
इनका कहना है -
'दिल्ली विधानसभा चुनाव के कारण संगठन के निर्वाचन का कार्यक्रम कुछ आगे बढ़ा है। लेकिन अब प्रदेश अध्यक्ष पद का निर्वाचन शीघ्र ही हो सकता है। हालांकि अभी केन्द्र से निर्वाचन कार्यक्रम नहीं मिला है।'
विवेक नारायण शेजवलकर
प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी, मप्र भाजपा