Makhanlal University Bhopal: लेखक-पत्रकार विजय मनोहर तिवारी माखनलाल चतुर्वेदी विवि के नए कुलगुरु नियुक्त
भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता और संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के नए कुलगुरु के रूप में वरिष्ठ पत्रकार विजय मनोहर तिवारी की नियुक्ति की गई है। यह निर्णय मंगलवार को जनसंपर्क विभाग द्वारा माखनलाल विश्वविद्यालय के महापरिषद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्वीकृति के बाद लिया गया। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु का पद पिछले छह महीनों से रिक्त था। विजय मनोहर तिवारी जिन्होंने मध्यप्रदेश के सूचना आयुक्त के रूप में भी सेवाएं दी हैं अब माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के कुलगुरु के रूप में कार्यभार संभालेंगे। पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्षों का गहरा अनुभव रखने वाले तिवारी प्रदेश के प्रमुख मीडिया हाउसों में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं।
पत्रकारिता, प्रशासन और साहित्य में 25 वर्षों का व्यापक अनुभव
विजय मनोहर तिवारी ने 2018 से 2023 तक मध्यप्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वे 2022 से 2024 तक बहुकला केंद्र, भारत भवन के न्यासी भी रहे हैं। पत्रकारिता में अपने करियर के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सहारा (दिल्ली), नईदुनिया (इंदौर), सहारा समय न्यूज चैनल और दैनिक भास्कर (भोपाल) जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर काम किया। विशेष रूप से, 2010 से 2015 के बीच वे दैनिक भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में विशेष संवाददाता रहे जहां उन्होंने देश की आठ यात्राओं की और इन अनुभवों पर आधारित उनकी पुस्तक 'भारत की खोज में मेरे पांच साल' को मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा सम्मानित किया गया।
अब तक 12 पुस्तकों का लेखन
विजय मनोहर तिवारी की अब तक 12 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं जिनमें 'भारत में इस्लाम' एक प्रमुख चर्चित श्रृंखला है। इसके अलावा उन्होंने यात्रा वृत्तांत और डायरी लेखन की कई रचनाएँ लिखीं हैं जिन्हें विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। भारत के सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने को गहराई से समझने के लिए उन्होंने आठ बार पूरे देश का भ्रमण किया है।
शहरों से गांवों की ओर लौटने के लिए एक अनूठे मॉडल पर कार्य
2018 में विजय मनोहर तिवारी ने "रिवर्स माइग्रेशन" के तहत अपने पैतृक गांव (विदिशा जिला) में शहरों से गांवों की ओर लौटने का एक वास्तविक मॉडल विकसित किया। यह पहल ग्रामीण पुनर्विकास के क्षेत्र में एक नई दिशा और प्रेरणा बनी है।