मप्र मंत्रिमंडल में अंचल को मिलता रहा है प्रतिनिधित्व

शीतला सहाय, गुप्त, वियोगी, मिश्रा, पवैया, तोमर, कुशवाह रहे मंत्री;

Update: 2023-12-13 00:45 GMT

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में सोलहवीं विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही मुख्यमंत्री का चयन भी हो गया है। बुधवार को नए मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने दो उप मुख्यमंत्रियों राजेन्द्र शुक्ल व जगदीश देवडा़ और कुछ मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे। ग्वालियर- चंबल संभाग को मंत्रिमंडल में पर्याप्त तवज्जो मिलने की उम्मीद है। पूर्व की सरकारों में इस अंचल को समुचित प्रतिनिधित्व मिलता रहा है। मध्य प्रदेश में पूर्व में कांग्रेस , जनसंघ, जनता पार्टी व भाजपा की सरकार बनती रहीं हैं। इन राज्य सरकारों में ग्वालियर - चंबल संभाग को पर्याप्त तवज्जो मिली और समुचित प्रतिनिधित्व भी मिला है।

अंचल की राघौगढ़ सीट से विधायक चुने गए दिग्विजय सिंह 1993 में मुख्यमंत्री भी बने। वह 1998 में भी प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वहीं राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने मुख्यमंत्री की गद्दी ठुकरा दी थी। भाजपा में भी एक बार शीतला सहाय का नाम भी प्रमुखता से मुख्यमंत्री के लिए चला। लेकिन हाईकमान के हस्तक्षेप और कुछ बरिष्ठ नेताओं के कारण अंचल को मुख्यमंत्री का पद मिलते - मिलते रह गया था। इस बार भी अंचल में भाजपा के बरिष्ठ नेता नरेन्द्र सिंह तोमर का नाम चर्चाओं में रहा, लेकिन उन्हें विधानसभा अध्यक्ष का पद मिला।

कांग्रेस सरकारों में यह बने मंत्री

प्रदेश में गठित कांग्रेस सरकारों की बात करें तो ग्वालियर - चंबल संभाग से मुख्यमंत्री के साथ मंत्री भी बनाए गए थे। राघौगढ़ से विधायक चुने गए दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री रहे । वहीं राजेन्द्र सिंह, सत्यदेव कटारे, डा. गोविंद सिंह, बालेन्दु शुक्ल, महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा, महेन्द्र बौद्ध, राकेश चौधरी, तारासिंह वियोगी, भगवान सिंह यादव, रामनिवास रावत, लाखन सिंह यादव, महेन्द्र सिंह सिसौदिया, शिवप्रताप सिंह, प्रघुम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, ओपीएस भदौरिया, एदल सिंह, बृजेन्द्र सिंह यादव, जयवर्धन सिंह , सुरेश राठखेड़ा ,समेत अन्य नेता भी मंत्री पद सुशोभित कर चुके हैं।

भाजपा से इन्हें बनाया गया मंत्री

लक्ष्मीनारायण गुप्त नन्ना, शीतला सहाय, नरेश जौहरी, जाहर सिंह शर्मा, मुंशीलाल, जगदीश गुप्त, डा. राजेन्द्र प्रकाश सिंह चौहान, ध्यानेन्द्र सिंह , नरेन्द्र सिंह तोमर, अनूप मिश्रा, डा. नरोत्तम मिश्रा, जयभान सिंह पवैया, माया सिंह, रुस्तम सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, लाल सिंह आर्य, नारायण सिंह कुशवाह, कन्हैयालाल आग्रवाल, बृजेन्द्र सिंह यादव, महेन्द्र सिंह सिसौदिया, भारत सिंह कुशवाह, अरविंद सिंह भदौरिया, प्रघुम्न तोमर, ओपीएस भदौरिया, सुरेश राठखेड़ा, समेत कुछ अन्य नेताओं को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिल चुका है। अब राजनीतिक गलियारे में उम्मीद जताई जा रही है कि बुधवार को गठित होने वाले मंत्रिमंडल में भी अंचल को सम्मानजनक स्थान मिलेगा।

Tags:    

Similar News