नोएडा: शादी के दौरान हर्ष फायरिंग ने ली ढाई साल के बच्चे की जान, पुलिस मामले की जांच में जुटी
नोएडा: दिल्ली से जुड़ा हुआ नोएडा का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी के समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशी के माहौल को ग़म में बदल दिया। इस गोलीबारी का शिकार एक नन्हा बच्चा बना जो महज़ ढाई साल का था। अंश शर्मा नामक इस बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई।
जानिए क्या है पूरा मामला?
नोएडा के सेक्टर-41 स्थित अगाहपुर गांव में एक बारात के दौरान हर्ष फायरिंग से एक बच्ची की मौत हो गई। ढाई साल के अंश शर्मा को गोली लगने के बाद यह घटना हुई जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घायल बच्चे को फौरन एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी मिलते ही थाना 49 पुलिस और डीसीपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है और बारात में शामिल लोगों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार अगाहपुर गांव में बलबीर सिंह के घर गुरुग्राम से बारात आई थी। वहीं बारात के दौरान हर्ष फायरिंग की जा रही थी जिसमें एक गोली अंश शर्मा को लग गई।
अंश शर्मा की मौत से परिजन दुखी
पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान कर ली है जिसका नाम हैप्पी है और वह गुरुग्राम का निवासी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। वहीं अंश शर्मा की मौत से उसका परिवार और गांव वाले गहरे सदमे में हैं। लोग इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर हर्ष फायरिंग के खतरनाक परिणामों को सामने लाती है। हर्ष फायरिंग न केवल गैरकानूनी है बल्कि इससे अक्सर निर्दोष लोगों की जान भी चली जाती है। सरकार और पुलिस को इस पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए कठोर कदम उठाने चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं भविष्य में न हो।