National Games: नीरज ने स्वप्निल को हराकर निशानेबाजी में जीता स्वर्ण, दीपिका और जुयेल तीरंदाजी चैंपियन बने
National Games: भारतीय नौसेना के नीरज कुमार ने निशानेबाजी में ओलंपिक पदक विजेता स्वप्निल कुसाले को हराकर सुर्खियां बटोरीं। तीरंदाजी में दीपिका कुमारी ने महिला वर्ग में और 18 वर्षीय जुयेल सरकार ने पुरुष वर्ग में खिताब अपने नाम किया। वहीं, मुक्केबाजी में स्टार खिलाड़ी लवलीना बोरगोहेन और शिव थापा ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
कर्नाटक पदक तालिका में सबसे आगे
कर्नाटक 30 स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है। सर्विसेज 28 स्वर्ण, 12 रजत और 12 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है जबकि महाराष्ट्र 19 स्वर्ण, 36 रजत और 33 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
नीरज ने स्वर्ण जीता, स्वप्निल तीसरे स्थान पर
भारतीय सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) के नीरज कुमार ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स में 464.1 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मध्यप्रदेश के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर 462.4 अंकों के साथ रजत पदक विजेता बने जबकि महाराष्ट्र के ओलंपिक पदक विजेता स्वप्निल कुसाले 447.7 अंकों के साथ कांस्य पदक पर संतोष करना पड़ा।
हरियाणा की सुरुचि और प्रमोद ने मिश्रित टीम स्पर्धा में जीता स्वर्ण
10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में हरियाणा के सुरुचि सिंह और प्रमोद की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान की अंजलि शेखावत और उमेश चौधरी को 17-7 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र की राही सरनोबत और प्रणव अरविंद पाटिल ने उत्तराखंड की जोड़ी को 17-3 से हराकर कांस्य पदक जीता।
जुयेल ने ओलंपियन तरुणदीप राय को हराकर रचा इतिहास
पश्चिम बंगाल के 18 वर्षीय तीरंदाज जुयेल सरकार ने चार बार के ओलंपियन तरुणदीप राय को हराते हुए रिकर्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अनुभवी तीरंदाज दीपिका कुमारी ने महिला रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। दीपिका कुमारी ने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। हालांकि झारखंड की महिला टीम फाइनल में महाराष्ट्र से 0-6 से हारकर रजत पदक पर रही। पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में झारखंड की टीम ने उत्तर प्रदेश को 5-4 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
मुक्केबाजी में शिव थापा और लवलीना का जलवा
अनुभवी मुक्केबाज असम के शिव थापा ने महाराष्ट्र के हरिवंश तिवारी को कड़े मुकाबले में हराया। वहीं महिलाओं के मिडिलवेट (75 किग्रा) वर्ग में असम की स्टार बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने नागालैंड की रेणु को मात देकर स्वर्ण पदक जीता। रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में महाराष्ट्र के शुकमणी गजानन बाबरेकर और गाथा आनंदराव खडके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
38वें राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है जहां अनुभवी और युवा खिलाड़ी मिलकर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।