Lucknow: बबीता चौहान अध्यक्ष, अपर्णा यादव एवं चारू चौधरी को उपाध्यक्ष की कुर्सी

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग का पुनर्गठन, 25 महिलाओं को मिली सदस्य की जिम्मेदारी

Update: 2024-09-04 13:09 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आयोग और बोर्ड में भाजपा नेताओं का समायोजन तेजी से होता जा रहा है। महिला आयोग में पदाधिकारियों की घोषणा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मंगलवार शाम को की गई। इस संबंध में शासनादेश जारी हो गया है। आगरा की भाजपा नेता बबीता चौहान को महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव को महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। गोरखपुर से भाजपा नेता चारु अरविन्द चौधरी को भी उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। आयोग में 25 सदस्य भी बनाई गई हैं।

बबीता चौहान आगरा की बड़ी नेता हैं। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में शामिल हैं। उनको महिला आयोग का 2 साल के लिए अध्यक्ष चुना गया है। 2022 में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुईं मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव को योगी सरकार ने महिला आयोग का उपाध्यक्ष चुना है। अपर्णा यादव 2 साल से भाजपा में सक्रिय हैं। उनको पद न दिए जाने को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी की जाती रही हैं।

आखिरकार अपर्णा को पार्टी ने सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका दे दी है। महिला आयोग में दूसरी उपाध्यक्ष चारू चौधरी बनीं हैं, जो भाजपा नेता अरविन्द विक्रम चौधरी की पत्नी और पूर्व महापौर एवं महिला आयोग की उपाध्यक्ष रह चुकीं अंजू चौधरी की बहू हैं। उनके ससुर प्रमोद कुमार चौधरी महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की प्रबंधन समिति में सदस्य हैं। यह परिषद गोरखनाथ मंदिर शैक्षणिक ट्रस्ट के अंतर्गत काम करती है जो 50 से अधिक शैक्षिक संस्थानों का संचालन करती है।

इसके साथ ही, मेरठ की हिमानी अग्रवाल, बलिया की सुनीता श्रीवास्तव, लखनऊ की अंजू प्रजापति, कानपुर की पूनम द्विवेदी, कानपुर की अनीता गुप्ता, झांसी की अनुपम सिंह लोधी, लखीमपुर-खीरी की सुजीता कुमारी, अलीगढ़ की मीना कुमारी, मीरजापुर की नीलम प्रभात, जौनपुर की गीता बिंद, प्रयागराज की गीता विश्वकर्मा, बरेली की पुष्पा पांडेय, लखनऊ डॉ. प्रियंका मौर्या, मेरठ की मीनाक्षी भराला, लखनऊ की ऋतु शाही को सदस्य नियुक्त किया गया है।

वहीं, रामपुर की सुनीता सैनी, लखनऊ की एकता सिंह, ललितपुर की अर्चना पटेल, संत कबीर नगर की जनक नंदिनी, कौशांबी की प्रतिभा कुशवाहा, कासगंज की रेनू गौर, मेरठ की मनीषा अहलावत, बिजनौर की अवनी सिंह, सहारनपुर की सपना कश्यप और बिजनौर की संगीता जैन अनु को अगले 2 साल के लिए महिला आयोग का सदस्य बनाया गया है। यह आदेश प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग लीना जौहरी की ओर से जारी किया गया है।

कांग्रेस की पोस्टर गर्ल रहीं प्रियंका को भी मिला मौका : आजमगढ़ और लखनऊ से ताल्लुक रखने वाली होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. प्रियंका मौर्य को भी सरकार ने राज्य महिला आयोग में सदस्य बनाया है। डॉ. प्रियंका मौर्या विधानसभा चुनाव-2022 से पहले ही भाजपा में शामिल हो गई थीं। डॉ. प्रियंका को कांग्रेस की तत्कालीन राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने बहुचर्चित चुनावी अभियान 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' में पोस्टर गर्ल बनाया था। इससे चर्चा में आईं डॉ. प्रियंका को भाजपा ने झटक दिया था। तबसे वह भाजपा में ही कार्यरत हैं।

होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. प्रियंका मौर्य 


 अंजू प्रजापति को मिला दोबारा मौका : फतेहपुर और लखनऊ से जुड़ाव रखने वाली अंजू प्रजापति को सरकार ने राज्य महिला आयोग में दोबारा मौका दिया गया है। अंजू प्रजापति लखनऊ के राजनीखंड में रहती हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ ही राष्ट्र सेविका समिति में भी सक्रिय पदाधिकारी हैं। अंजू प्रजापति के दोबारा सदस्य बनाए जाने के पीछे उनकी सक्रिय भागीदारी भी एक कारण हो सकती है। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में आवंटित जनपदों में लगातार दौरे कर सरकार की जनकल्याणकारी योजाओं एवं कार्यक्रमों से जुड़ी रहीं हैं।

अंजू प्रजापति 

हिंदुत्व की प्रखर वक्ता एकता को भी मिला स्थान : गोरखपुर एवं लखनऊ से ताल्लुक रखने वाली एकता सिंह चौहान को भी सरकार ने राज्य महिला आयोग में स्थान दिया गया है। वह हाल फिलहाल लखनऊ में रहती हैं। एकता सिंह मूलतः गोरखपुर की रहने वाली हैं। एकता चौहान की अपने हिंदुत्व को लेकर प्रखर विचारों के कारण भी पहचानी जाती हैं। पद्मावती फिल्म की रिलीज के दौरान उन्होंने लंबे समय तक फिल्म बहिष्कार को लेकर मुहिम चलाई थी। इसके अलावा भी वह समय-समय पर हिन्दू समाज पर होने वाले आघातों के दौरान अपना मुखर विरोध दर्ज करवाती रहती हैं।

एकता सिंह चौहान


Tags:    

Similar News