बहराइच: पाँच ग्रामीणों को घायल करने वाली मादा तेंदुआ पिंजरे में हुई कैद, फिर जंगल में छोड़ने की तैयारी, स्वास्थ्य परीक्षण में पूरी तरह फिट मिला तेंदुआ…

Update: 2025-02-13 13:52 GMT

बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशान गाढ़ा रेंज स्थित भट्ठा बरगदवा गांव में एक मादा तेंदुए ने पिछले हफ्ते पांच ग्रामीणों को घायल कर दिया था। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की।

आखिरकार बीती रात तेंदुआ पिंजरे में फंस गया, और अब उसे स्वस्थ होने के बाद जंगल में वापस छोड़ने की तैयारी चल रही है।

आपको बताते चलें कि पिछले हफ्ते भट्ठा बरगदवा गांव में एक मादा तेंदुआ ने गांव के पाँच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इन हमलों के बाद तेंदुआ खुलेआम गांव के पास घूम रहा था, इससे ग्रामीण दहशत में थे, तेंदुआ की दहशत के चलते ग्रामीणों के खेत खलिहान का काम ठप था।

तेंदुए के लगातार हो रहे हमलों और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए घटना के बाद वन विभाग ने तुरंत तेंदुए को पकड़ने के लिए कदम उठाते हुए पिंजरा लगाने का निर्णय लिया। तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के पास लगाए गए पिंजरे में बकरी को बांध दिया गया।

पिंजरे की निगरानी के लिए वन क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्र श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी राधेश्याम और वन रक्षक कौशल किशोर सिंह की एक टीम बनाई गई। ये टीम दिन-रात पिंजरे की निगरानी करती रही, और आखिरकार बीती रात तेंदुआ पिंजरे में फंस गया।

स्वास्थ्य परीक्षण में फिट मिला तेंदुआ : तेंदुए के पिंजरे में कैद होने के बाद, एक डॉक्टरों की टीम ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों ने बताया कि तेंदुआ पूरी तरह से स्वस्थ है और उसका वजन 45 किलो है। यह तेंदुआ एक मादा वयस्क तेंदुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक, तेंदुए को जंगल में छोड़ने के लिए पूरी तरह से स्वस्थ पाया गया है।

तेंदुए को कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी : अब वन विभाग की निगरानी में तेंदुआ को कतर्नियाघाट रेंज कार्यालय ले जाया जा रहा है। वहां से उसे एक सुरक्षित और संरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया जल्द ही पूरी की जाएगी, ताकि वह अपनी प्राकृतिक हैबिटैट में वापस जा सके और गांव के आसपास खतरे का कोई कारण न बने।

 

Tags:    

Similar News