हनुमानगढ़ी परिसर में पुलिस की बर्बरता: प्रसाद व्यापारी को पुलिस ने दौड़ा दौड़ा कर लाठियों से पीटा…

प्रसाद विक्रेता की पिटाई पर व्यापारियों ने जताया विरोध;

Update: 2025-02-07 11:25 GMT

अयोध्या। हनुमान गढ़ी परिसर में शुक्रवार दोपहर 12 बजे पुलिस और प्रसाद विक्रेताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस ने प्रसाद बेच रहे अभय गुप्ता उर्फ हनी को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद गुस्साए व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

व्यापारियों की मांग-दोषी पुलिसकर्मियों पर हो कार्रवाई : सूचना मिलते ही एसपी सिटी मधुबन सिंह और सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने की कोशिश की। लेकिन व्यापारी अपनी मांग पर अड़े रहे और दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे।

हालांकि पुलिस ने व्यापारियों के आरोप का खंडन किया है। पुलिस का कहना है कि व्यापारी भीड़ में घुसकर प्रसाद बेंच रहे थे। मना करने पर लड़ाई पर उतर गए।

विवाद का कारण : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभय गुप्ता एक श्रद्धालु को रेलिंग के माध्यम से प्रसाद का थैला दे रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिस अधिकारी नाराज हो गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। जब अभय ने इसका विरोध किया तो पुलिस वालों ने उनकी लाठी डंडों से जमकर पिटाई कर दी। जिससे उनका सिर फट गया।

उसके बाद व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। व्यापारियों ने कहा कि जब तक दोषी पुलिस जवानों के खिलाफ कार्यवाही नहीं होगी प्रदर्शन जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News