दिवाली पर देशभर में रोशनी और आतिशबाजी के बीच कई परिवारों के घरों में मातम छा गया। पटाखों और अन्य कारणों से अलग-अलग शहरों में आग लगने की घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं और कुछ के लापता होने की खबर है। सबसे ज्यादा नुकसान मध्यप्रदेश में हुआ, जहां कटनी और सिवनी में दो मकानों में आग लगने से 12 लोगों की जान चली गई।महाराष्ट्र के धाराशिव में भी एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि दिल्ली के नरेला में रॉकेट पटाखे की चपेट में आने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई।
MP में दो अलग-अलग मकानों में आग, 12 लोगों की मौत
मध्यप्रदेश में दिवाली की रात दो बड़े हादसों ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। कटनी जिले में एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें एक बच्चा महज दो महीने का था.दूसरी घटना सिवनी जिले की है। यहां एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में 16 साल का एक किशोर भी शामिल है।दोनों घटनाओं में जान गंवाने वालों में पांच महिलाएं, तीन पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं।
महाराष्ट्र के धाराशिव में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में किराने की दुकान के ऊपर बने मकान में आग लग गई। इस मकान में रहने वाले एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।मुंबई के लोखंडवाला इलाके में आग लगने की एक अन्य घटना में भी एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं, डोंगरी इलाके में आग से कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं.ठाणे की एक 17 मंजिला इमारत में भी आग लगने की सूचना मिली। हालांकि, यहां किसी के घायल होने की खबर नहीं है। दादर के कामगार स्टेडियम में लगी आग पर दमकलकर्मियों ने 17 मिनट के भीतर काबू पा लिया।
राजस्थान में पटाखों की दुकान में आग, दो की मौत
राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं। आग की चपेट में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन भी आ गए।दिल्ली के नरेला में पटाखे से जुड़ा एक और दर्दनाक हादसा हुआ। यहां रॉकेट पटाखा 10 साल के बच्चे के पेट में लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बांदा में 25 लाख का कबाड़ जला, जम्मू में 12 दुकानें खाक
उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ की दुकान में आग लगने से करीब 20 से 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ। वहीं, जम्मू के नेहरू मार्केट में एक गोदाम में आग लगने से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं।नागपुर में टीवीएस शोरूम भी आग की चपेट में आ गया। यहां कई दोपहिया वाहन जल गए.महाराष्ट्र के पुणे में दिवाली के दौरान आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।