मुंबईः एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर और एक्टिविस्ट साहिल ने दावा किया है कि शनिवार रात करीब 12 लोगों ने उन पर हमला किया, साहिल के मुताबिक, अगर वह मौके से भागकर अपनी जान नहीं बचाते तो हमलावर उन्हें मार देते । उन्होंने हमले के लिए धारावी के कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।
साहिल ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने चेहरे पर लगा खून और हाथ की चोट दिखाई । उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर उनके इस्लाम पर विचारों से नाराज थे। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा ''अब साहिल नहीं रुकेगा, इस्लाम की हकीकत लोगों को बताएगा।'' साहिल पिछले करीब छह साल से एक्स-मुस्लिम एक्टिविस्ट के तौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय है ।
वाशी में दोस्तों के साथ गए थे साहिल
साहिल ने वीडियो में बताया कि वह नए दोस्तों के साथ मुंबई के वाशी इलाके में गए थे । वहां धारावी के कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। साहिल पहले धारावी में रहते थे, उन्होंने दावा किया कि हमलावर उन्हें जान से मारना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई और भारत में एक्स-मुस्लिम सुरक्षित नहीं हैं । 15 नवंबर को सामने आई इस घटना पर मुंबई पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है ।
सलीम वास्तिक पर हमले का भी किया जिक्र
साहिल ने गाजियाबाद के एक्स-मुस्लिम सलीम वास्तिक पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उनके हमलावरों के खिलाफ भी वैसी ही कार्रवाई होनी चाहिए, जैसी सलीम पर हमला करने वालों के खिलाफ हुई थी । दरअसल, 27 फरवरी 2026 को दो लोगों ने गाजियाबाद के लोनी स्थित सलीम वास्तिक के ऑफिस में घुसकर उन पर चाकू से हमला किया था उनकी गर्दन और पेट पर कई वार किए गए थे। मामले में आरोपी जीशान 1 मार्च को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया । दूसरा आरोपी गुलफाम 3 मार्च को मुठभेड़ में घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई।